पाकिस्तान ने लगातार 7वें दिन LoC पर किया सीजफायर का उल्लंघन, गोलीबारी की और दागे मोर्टार

loc

करीब दस बजे पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में छोटे हथियारों से भारी गोलीबारी की तथा मोर्टार दागे।

जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) से लगे जम्मू कश्मीर के पुंछ और कठुआ जिलों के अग्रिम इलाकों में तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारी गोलीबारी की एवं मोर्टार दागे। अधिकारियों ने बताया कि यह लगातार सातवां दिन है, जब पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलाबारी की गई है। रक्षा प्रवक्ता ने बताया, ‘‘आज रात करीब दस बजे पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में छोटे हथियारों से भारी गोलीबारी की तथा मोर्टार दागे।’’ 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर में 4जी इंटरनेट सेवा बहाल करने की मांग की

उन्होंने बताया कि भारतीय सेना उन्हें मुंहतोड़ जवाब दे रही है। प्रवक्ता ने बताया, ‘‘ आज सुबह करीब साढ़े दस बजे पाकिस्तानी सेना द्वारा पुंछ जिले के ही मनकोट सेक्टर से लगी नियंत्रण रेखा के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया और गोलीबारी की गईतथा मोर्टार दागे गए। ’’ उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित भारतीय गांवों को निशाना बना कर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि इस गोलीबारी में एक मवेशी घायल हो गया एवं एक मकान को नुकसान पहुंचा है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी सैनिकों ने एलओसी से लगे राजौरी और पुंछ जिलों के अग्रिम इलाकों में गत मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को भी गोलीबारी की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़