UP से है मेरा पुराना नाता, प्रियंका बोलीं- प्रदेश नीतियों से गायब है जनता की आवाज

priyanka-gandhi-writes-open-letter-to-people-assuring-transformation-of-up-politics
[email protected] । Mar 18 2019 10:42AM

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि लिखा कि वह इस धरती से आत्मिक रूप से जुड़ी रही हैं।

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को उत्तर प्रदेश की जनता को एक खुला खत लिखा है। इस खत में उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी की सिपाही के रूप में उनकी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की राजनीति को बदलने की है। अपने पत्र में उन्होंने यूपी के लोगों से कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी दी है। उत्तर प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर रविवार को यहां पहुंचीं प्रियंका ने खत में कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों से मेरा नाता बहुत पुराना है। आज कांग्रेस पार्टी की सिपाही के रूप में मेरी जिम्मेदारी आपके सबके साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की राजनीति को बदलने की है।

इसे भी पढ़ें: UP में अपना दल ने किया कांग्रेस से गठबंधन, दो सीटों पर लड़ेगी चुनाव

उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में एक ठहराव के कारण आज युवा, महिलाएं, किसान और मजदूर परेशानी में हैं। वे अपनी बात अपनी पीड़ा साझा करना चाहते हैं, लेकिन राजनीतिक गुणा-गणित के शोर में युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज प्रदेश की नीतियों से पूरी तरह गायब है। प्रियंका ने लिखा कि वह इस धरती से आत्मिक रूप से जुड़ी रही हैं। मैं मानती हूं कि प्रदेश में किसी भी राजनीतिक परिवर्तन की शुरूआत आपकी बात सुने बगैर आपकी पीड़ा को साझा किए बगैर नहीं हो सकती है इसलिए सीधा आपसे एक सच्चा संवाद करने मैं आपके द्वार पर पहुंच रही हूं।

इसे भी पढ़ें: न्यूजीलैंड में गोलीबारी पर बोलीं प्रियंका गांधी, नफरत हमेशा बुरी होती है

उन्होंने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाना चाहती हूं कि आपकी बातों को सुनकर सच्चाई और संकल्प की बुनियाद पर हम राजनीति में परिवर्तन लाएंगे। हम एक साथ मिलकर आपके मुद्दों को हल करने की तरफ बढ़ेंगे। मैं जल मार्ग, बस, ट्रेन, पदयात्रा सभी साधनों के जरिए आपसे संपर्क करूंगी। प्रियंका ने कहा कि गंगा सच्चाई और समानता की प्रतीक हैं और हमारी गंगा-जमुनी संस्कृति का चिन्ह है। वे किसी से भेदभाव नहीं करतीं। गंगाजी उत्तर प्रदेश का सहारा हैं। 'मैं गंगाजी का सहारा लेकर भी आपके बीच पहुंचूंगी। प्रियंका का यह पत्र अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने जारी किया है। प्रियंका अपने उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों से संवाद करेंगी। उनका प्रयागराज से वाराणसी जलमार्ग से जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़