फिर छाया राफेल मामला, कांग्रेस ने की JPC जांच की मांग तो भाजपा ने मामले में हो रही राजनीति को बताया दुखद

Rafale

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक बार फिर से राफेल सौदे की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराए जाने की मांग की है।

नयी दिल्ली। राफेल विमान सौदे के कथित भ्रष्टाचार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में फ्रांस सरकार ने जांच का आदेश दिया है और जज की भी नियुक्ति की है। लेकिन भारत के साथ हुए इस सौदे को लेकर चर्चाएं अब यहां पर भी शुरू हो गईं हैं और कांग्रेस को एक बार फिर से भाजपा पर निशाना साधने का मौका मिल गया। इस मामले को लेकर दोनों पार्टियां एक-दूसरे के आमने-सामने है। 

इसे भी पढ़ें: राफेल डील में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करेगी फ्रांस सरकार, जज की हुई नियुक्ति: रिपोर्ट 

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक बार फिर से राफेल सौदे की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि फ्रांस के पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ने राफ़ेल सौदे में भ्रष्टाचार की जांच शुरू की और हमारे देश के टीवी चैनलों ने पूर्ण चुप्पी साध ली।

सुरजेवाला ने कहा कि राफेल मामले में राहुल गांधी की बात सही साबित हुई है। हम मामले की जांच जेपीसी से कराए जाने की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि फ्रांस सरकार की जांच के आलोक में जेपीसी जांच की अनुमति कब दी जाएगी ? इस दौरान उन्होंने कहा कि सच छुपता नहीं है। 

इसे भी पढ़ें: फिर होगा टेररिस्तान पर स्ट्राइक? एक रात में ही पाकिस्तान के कई चक्कर लगाने में सक्षम राफेल से ख़ौफ़ज़दा इमरान! 

वहीं मामले में भाजपा का भी बयान सामने आ गया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि फ्रांस में राफेल सौदे को लेकर जांच होने वाली है। यह स्वाभाविक है। किसी NGO ने फ्रांस की कोर्ट में शिकायत की थी, इस जांच को भ्रष्टाचार की नज़र से देखना ठीक नहीं है। लेकिन इसपर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी जिस तरह से राजनीति कर रहे हैं वह दुखद है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज झूठ और भ्रम की पर्यायवाची बन चुकी है। आज पुनः राफेल को लेकर कांग्रेस ने झूठ बोला है और भ्रम फैलाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जहां तक जांच की बात है तो भारत के सर्वोच्च न्यायालय और CAG ने राफेल को लेकर अपनी रिपोर्ट को जनता के बीच रखा है। हिंदुस्तान की जनता ने इन दोनों रिपोर्ट को देखा है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़