न्यायमूर्ति लोया की मौत से जुड़ा फैसला कांग्रेस के मुंह पर तमाचा: रघुवर दास
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस तेजी से पूरे देश में अपना आधार खो रही है और वे अब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ न्यायपालिका का दुरूपयोग करने की कोशिश कर रहे हैं।
जमशेदपुर। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने आज कांग्रेस पर न्यायमूर्ति बी एच लोया की मौत को लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को गलत तरीके से फंसाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में उच्चतम न्यायालय का फैसला ‘‘कांग्रेस के मुंह पर तमाचा’’ है। दास ने रांची लौटने से ठीक पहले सोनारी एरोड्रम लाउंज में संवाददाताओं से कहा कि कुछ अदृश्य ताकतें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को फंसाने में लगी हुई थीं लेकिन न्यायमूर्ति लोया की मौत के संबंध में उच्चतम न्यायालय की पीठ द्वारा सुनाया गया फैसला ‘‘ कांग्रेस के मुंह पर तमाचा ’’ है।
गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई के विशेष न्यायाधीश बी एच लोया की कथित रहस्यमय मौत की स्वतंत्र जांच की मांग से जुड़ी याचिकाएं खारिज कर दीं। लोया बहुचर्चित सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले की सुनवाई कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ये अदृश्य ताकतें कोई और नहीं बल्कि कांग्रेस है और दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग सरकार ने फर्जी मामलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह को फंसाने की भी कोशिश की थी लेकिन वे नाकाम रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस तेजी से पूरे देश में अपना आधार खो रही है और वे अब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ न्यायपालिका का दुरूपयोग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को भाजपा से जनता की अदालत (चुनाव) में टक्कर लेने की चुनौती दी।
अन्य न्यूज़