राहुल ने सुझाव दिया था, सुजाय राकांपा के टिकट पर चुनाव लड़े : पाटिल

rahul-had-suggested-sujay-contested-on-ticket-of-ncp-patil

राधाकृष्ण विखेपाटिल ने यह भी कहा कि उन्होंने पवार से अहमदनगर सीट शिरडी या अन्य किसी सीट से बदलने का अनुरोध किया था लेकिन वह टस से मस नहीं हुए। अहमदनगर निर्वाचन क्षेत्र में 23 अप्रैल को मतदान हुआ।

अहमदनगर। महाराष्ट्र की अहमदनगर लोकसभा सीट पर चुनावी मुकाबले को लेकर उठे विवाद के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शनिवार को खुलासा किया कि उनके पार्टी प्रमुख राहुल गांधी ने सुझाव दिया था कि उनका बेटा सुजाय राकांपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि गांधी का सुझाव स्वीकार करना उनके लिए ‘राजनीतिक आत्महत्या’ करने जैसा होता। जब शरद पवार की अगुवाई वाली राकांपा ने यह सीट सुजाय विखे पाटिल के लिए छोड़ने से इनकार कर दिया तब वह (सुजाय) भाजपा में शामिल हो गये और भाजपा प्रत्याशी के रूप में इस सीट पर चुनाव मैदान में उतर गये। इस घटनाक्रम के बाद राधाकृष्ण विखे पाटिल को विधानसभा में विपक्ष के नेता का पद छोड़ना पड़ा।

इसे भी पढ़ें: राधाकृष्ण विखे पाटिल पर आलाकमान करेगा फैसला: अशोक चव्हाण

राधाकृष्ण विखेपाटिल ने यह भी कहा कि उन्होंने पवार से अहमदनगर सीट शिरडी या अन्य किसी सीट से बदलने का अनुरोध किया था लेकिन वह टस से मस नहीं हुए। अहमदनगर निर्वाचन क्षेत्र में 23 अप्रैल को मतदान हुआ। राधाकृष्ण विखेपाटिल ने अहमदनगर जिले में अपने गृहनगर लोनी में कहा, ‘‘मैंने विधानसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर कड़ी मेहनत की और भाजपा सरकार को बेनकाब करने की हर संभव कोशिश की। लेकिन जब मैंने अहमदनगर से सुजाय के लिए टिकट मांगा तो राहुल गांधी ने सुझाव दिया कि सुजाय को राकांपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने दो। मैं स्तब्ध था। (इस सुझाव को स्वीकार करना) यह मेरे लिए राजनीतिक आत्महत्या करने जैसा होता। ’’ अहमदनगर पर चुनावी मुकाबला विखे पाटिल और पवार के बीच प्रतिष्ठा का सवाल बन गया। 

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़