राहुल ने किसानों से झूठे वादे करने के लिए मोदी पर निशाना साधा

rahul-targets-modi-for-making-false-promises-to-farmers
[email protected] । Mar 15 2019 8:44PM

बारगढ़ को ‘‘धान का कटोरा’’ बताते हुए कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि इस जिले में किसान आत्महत्या कर रहे है क्योंकि भाजपा के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार और राज्य की बीजद सरकार किसानों की समस्याओं को दूर करने में नाकाम साबित रही है।

बारगढ़ (ओडिशा)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर झूठे वादे करके लोगों विशेषकर किसानों को धोखा देने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी चुनाव जीतने के बाद हमेशा अपने वादों को निभाती है। पश्चिमी ओडिशा के बारगढ़ में पार्टी की एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमने जो कहा वो किया। हमने हमेशा अपने वादों को पूरा किया है। कांग्रेस मोदी की तरह लोगों से झूठे वादे नहीं करती है।’’ गांधी ने कहा कि चुनावी वादों को पूरा करने का उनकी पार्टी का ट्रैक रिकार्ड छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में देखा जा सकता है जहां पार्टी हाल में सत्ता में आई है।

उन्होंने कहा कि इन राज्यों में पार्टी की सरकारें बनते ही किसानों का कर्जा तुरन्त माफ किया गया और छत्तीसगढ़ में धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रति क्विंटल किया गया। गांधी ने कहा, ‘‘हम इन राज्यों के किसानों को एक संदेश देना चाहते थे कि वे अकेले नहीं है और कांग्रेस उनके साथ है। यही संदेश हम ओडिशा के किसानों को दे रहे है।’’ चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने के बाद गांधी की ओडिशा की यह पहली यात्रा है। उन्होंने दावा किया कि देश में किसानों की आत्महत्या के मामले प्रतिदिन सामने आ रहे हैं क्योंकि मोदी सरकार उनकी परेशानियों को दूर करने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रही है।

इसे भी पढ़ें: फड़णवीस का दावा, भाजपा-शिवसेना गठबंधन मजबूत और अभेद्य

गांधी ने कहा, ‘‘देश में किसानों के आत्महत्या के मामले प्रतिदिन सामने आ रहे है क्योंकि मोदी सरकार ने अपने वादों को पूरा नहीं किया है। किसानों के कल्याण के बारे में लम्बे-लम्बे दावे किये गये थे। लेकिन न तो उनका कर्जा माफ किया गया और न ही धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की गई।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने 15-20 उद्योगपतियों का 3.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ करने का फैसला किया लेकिन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कृषि कर्ज माफी के अनुरोध को खारिज कर दिया। बारगढ़ को ‘‘धान का कटोरा’’ बताते हुए कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि इस जिले में किसान आत्महत्या कर रहे है क्योंकि भाजपा के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार और राज्य की बीजद सरकार किसानों की समस्याओं को दूर करने में नाकाम साबित रही है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़