केरल में राहुल ने संघ और भाजपा को निशाने पर लिया

rahul-targets-rss-and-bjp-in-kerala

राहुल गांधी ने कहा कि ‘राफेल सौदे से अनिल अंबानी को 30,000 करोड़ रुपये मिले। प्रधानमंत्री राष्ट्रवाद की बात करते हैं और सबसे बड़ा रक्षा सौदा उस कंपनी को देते हैं जिसे कोई अनुभव नहीं है...लाखों लोगों को नरेगा से काम मिलता है लेकिन यहाँ एक आदमी को 30,000 करोड़ रुपये मिलते हैं।

पथनापुरम। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को संघ परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश भाजपा और आरएसएस की ओर से ‘‘हमले का सामना’’ कर रहा है जो अपनी आवाज के अलावा अन्य सभी आवाजों को दबाना चाहते हैं। गांधी ने यहां कोल्लम जिले के सेंट स्टीफन कालेज मैदान में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में देश के लोगों का शासन होना चाहिए, किसी एक विचारधारा या व्यक्ति का नहीं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘वर्तमान में हमारा देश भाजपा और आरएसएस की ओर से हमले का सामना कर रहा है। वे अपनी आवाज के अलावा अन्य सभी आवाजों को दबाना चाहते हैं। उनका मानना है कि भारत में केवल एक विचार का शासन होना चाहिए जबकि हमारा मानना है कि भारत में लोगों का शासन होना चाहिए।’’

इसे भी पढ़ें: राफेल पर तकरार जारी, राहुल गांधी ने फिर साधा PM मोदी पर निशाना

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा इसमें विश्वास नहीं है कि भारत में एक व्यक्ति का शासन होना चाहिए। वे कहते हैं कि यदि आप उनके विचारों में विश्वास नहीं करते तो वे आपको नष्ट कर देंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री कहते हैं कांग्रेस मुक्त भारत। इसका मतलब है कि वे भारत में कांग्रेस के विचार को मिटा देंगे। लेकिन हम कह रहे हैं कि हम आपसे सहमत नहीं हैं। हम यह साबित करने के लिए संघर्ष करेंगे कि आप गलत हैं। हम आपको चुनाव में हराएंगे। लेकिन हम आपके खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल नहीं करेंगे...।’’

इसे भी पढ़ें: गुजरात की रैलियों में राहुल और आजम खान पर जमकर बरसे भाजपा अध्यक्ष शाह

कांग्रेस प्रमुख ने दूसरी सीट के तौर पर वायनाड से चुनाव लड़ने के अपने निर्णय पर कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि देश में प्रत्येक व्यक्ति महसूस करे कि प्रत्येक आवाज मायने रखती है और इसलिए केरल में वायनाड को सहिष्णुता और विभिन्न संस्कृतियों को समझने के उसके इतिहास के चलते चुना। गांधी ने कहा, ‘‘मैंने केरल को इसलिए चुना क्योंकि आप बहुतअच्छे उदाहरण हैं...आपकी सहिष्णुता का इतिहास, विभिन्न संस्कृतियों को समझने का इतिहास, बाकी दुनिया से जुड़ने का इतिहास, हीन भावना के साथ नहीं बल्कि खुलेपन के साथ और भय के साथ नहीं बल्कि आत्मविश्वास के साथ ...।’’ उन्होंने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘पिछले पांच वर्षों में, हमारे प्रधानमंत्री ने कई वादे किए। दो करोड़ रोजगार के अवसर... बैंक खातों में 15 लाख रुपये जमा कराना...किसानों को समर्थन मूल्य...।’’

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस का रुख स्पष्ट, अब गेंद AAP के पाले में है: अहमद पटेल

गांधी ने लोगों से पूछा कितने लोगों के खाते में प्रधानमंत्री के वादे के मुताबिक पैसे आए। उन्होंने राज्य के काजू किसानों से वादा किया कि सत्ता में आने पर वह उनसे जुड़े मुद्दे उठाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हम काजू की खेती को एक व्यवहार्य विकल्प बनाने में मदद करने के लिए चर्चा शुरू करेंगे।’’ गांधी ने राफेल सौदे का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि अनिल अंबानी को सौदे से मिले 30,000 करोड़ रुपये नरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून) के एक वर्ष के बराबर है।

इसे भी पढ़ें: आप के साथ गठबंधन पर राहुल ने तोड़ी चुप्पी, बोले- केजरीवाल ने यूटर्न लिया

उन्होंने कहा, ‘‘राफेल सौदे से अनिल अंबानी को 30,000 करोड़ रुपये मिले। प्रधानमंत्री राष्ट्रवाद की बात करते हैं और सबसे बड़ा रक्षा सौदा उस कंपनी को देते हैं जिसे कोई अनुभव नहीं है...लाखों लोगों को नरेगा से काम मिलता है लेकिन यहाँ एक आदमी को 30,000 करोड़ रुपये मिलते हैं। उन्होंने देश के 15 सबसे अमीर लोगों को 3.50 लाख करोड़ रुपये दिए हैं...।’’ गांधी ने किसानों के लिए अलग बजट का वादा करते हुए कहा कि वह राज्य सरकार से कहेंगे कि वह राज्य में काजू किसानों से किए गए वादे पूरे करे।


डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़