रेल सुरक्षा, पूर्वोत्तर को जोड़ने पर ध्यान केंद्रित होगा: गोहेन
नये रेल राज्यमंत्री राजन गोहेन का मुख्य ध्यान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधाओं में सुधार और पूरे पूर्वोत्तर को रेल नेटवर्क से जोड़ने पर होगा। आज ही उन्होंने पदभार संभाला।
नये रेल राज्यमंत्री राजन गोहेन का मुख्य ध्यान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधाओं में सुधार और पूरे पूर्वोत्तर को रेल नेटवर्क से जोड़ने पर होगा। आज ही उन्होंने पदभार संभाला। गोहेन ने कहा, ‘‘मैं पूर्वोत्तर से हूं। ये राज्य पहाड़ी क्षेत्र हैं। इसलिए क्षेत्र को रेल मार्ग से जोड़ना कठिन कार्य है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने 2020 तक पूर्वोत्तर के सभी राज्यों को रेल मार्ग से जोड़ने का वादा किया है और हम इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए काम करेंगे।’’
असम से भाजपा के सांसद रेल मंत्री सुरेश प्रभु के मातहत दूसरे राज्यमंत्री हैं। एक अन्य राज्यमंत्री मनोज सिन्हा हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आज मेरा पहला दिन है। मुझे चीजों के बारे में बताया जा रहा है। यह काफी बड़ा मंत्रालय है और हमारा देश भी काफी बड़ा है।’’ ‘‘सुरक्षा’’ पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह काफी महत्वपूर्ण है और इसे मजबूत करने के लिए कदम उठाए गए हैं। हम ऐसा करते रहेंगे।’’ उन्होंने यात्री सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘पहले की तुलना में निश्चित रूप से यात्रियों के लिए सुविधाओं में विस्तार हुआ है। लेकिन आगे भी सुधार की गुंजाइश है।’’
गोहेन ने कहा कि समयबद्धता काफी महत्वपूर्ण है और इसमें सुधार लाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह लोक शिकायत निवारण प्रणाली को भी प्रभावी बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।’’ कानून के छात्र रहे गोहेन असम में 1980 के दशक में अवैध प्रवासियों के खिलाफ छह वर्ष चले आंदोलन में भी शामिल रहे थे।
अन्य न्यूज़