विश्वासमत जीतने के बाद बोले कांग्रेस नेता, राजस्थान ने कभी हार नहीं मानी है, कभी हारा नहीं है

Randeep Singh Surjewala

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि देश भर में बहुमत का चीरहरण करने वाली मोदी सरकार व भाजपा ये जान ले की राजस्थान ने कभी हार नहीं मानी है, राजस्थान कभी हारा नहीं है।

जयपुर। कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा में अशोक गहलोत सरकार के विश्वासमत जीतने को लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा है कि पार्टी के नेताओं ने एकजुटता का सबूत दे दिया है। सरकार द्वारा रखे गए विश्वासमत प्रस्ताव को सदन ने शुक्रवार को ध्वनिमत से पारित किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रजातंत्र के कई कोनों में व्याप्त अंधकार के लिए राजस्थान का विश्वासमत एक नई रोशनी लेकर आया है।’’ सुरजेवाला ने कहा, ‘‘देश भर में बहुमत का चीरहरण करने वाली मोदी सरकार व भाजपा ये जान ले की राजस्थान ने कभी हार नहीं मानी है, राजस्थान कभी हारा नहीं है। हम गोरे अंग्रेजों से लड़े तो आख़िरी साँस तक...आज के काले अंग्रेजों से भी लड़कर संविधान व प्रजातंत्र की रक्षा करेंगे।’’ 

इसे भी पढ़ें: गहलोत सरकार ने जीता विश्वास मत प्रस्ताव, टला राजस्थान का सियासी संकट 

पार्टी के प्रदेश प्रभारी और संगठन महासचिव अविनाश पांडे ने कहा कि जनता की चुनी हुई सरकार को गिराने के भाजपा के मंसूबे पूरे नहीं हुए। पांडे ने कहा कि भाजपा अपने तमाम प्रयासों के बावजूद कांग्रेस के किसी एक विधायक को टस से मस नहीं कर पाई। उन्होंने कहा, ‘‘विधायकों को डिगाने के सभी प्रकार के प्रयास किए गए उन्हें डराने धमकाने की कोशिश की गयी लेकिन उन्होंने पूरे विश्वास के साथ लोकतंत्र की इस लड़ाई में, सत्य की इस लड़ाई में सत्य का साथ दिया और असत्य को पराजित किया।’’

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि आज सदन में कांग्रेस सरकार ने विश्वास मत जीता है। जो भी अटकलें लगाई जा रही थी उन सब पर आज विराम लग गया। कांग्रेस के विधायकों ने एकजुटता का संदेश दिया। आने वाले समय में हम पूरी ताकत के साथ काम करेंगे। 

इसे भी पढ़ें: राजस्थान सरकार के बचाव में खड़े हुए सचिन पायलट, खुद को बताया सबसे मजबूत योद्धा 

राज्य के चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी एकजुट है और आपने देखा होगा सदन में मतभेद हो सकते हैं मनभेद नहीं हैं। पार्टी सोनिया गांधी, राहुल गांधी व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में एकजुट हैं।’’ शर्मा ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ लोगों की सेवा कर रही है, करती रहेगी और आगे भी सरकार बनाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़