फैसले के बाद कांग्रेस बनवाएगी अयोध्या में राम मंदिर: सीपी जोशी

ram-temple-in-ayodhya-will-be-formed-after-the-verdict-cp-joshi
[email protected] । Nov 21 2018 8:33PM

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के दौरान लोगों को लगातार भ्रमित करने का कोई मौका नहीं चूक रही, जबकि तथ्य यह है कि यह मामला बीते चालीस साल से अदालत में लंबित है।

जयपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सी पी जोशी ने बुधवार को कहा कि उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद कांग्रेस अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनवाएगी। जोशी ने नाथद्वारा में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी चुनावी मौसम में राम मंदिर का मुद्दा उठाकर लोगों को भ्रमित कर रही है। इस मामले में उच्चतम न्यायालय का फैसला आने के बाद कांग्रेस भव्य मंदिर बनाएगी।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के दौरान लोगों को लगातार भ्रमित करने का कोई मौका नहीं चूक रही, जबकि तथ्य यह है कि यह मामला बीते चालीस साल से अदालत में लंबित है। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जयपुर में कहा कि भाजपा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर कटिबद्ध है और अपने संकल्प से एक इंच भी पीछे नहीं हटेगी। जोशी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अपने पूरे कार्यकाल में तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार साल से अधिक समय में कुछ नहीं कर पाए। यह दीवानी मामला है और इसका फैसला उच्चतम न्यायालय करेगा।

उन्होंने जमीन का मालिकाना हक स्पष्ट हुए बिना ही अध्यादेश के जरिए मंदिर निर्माण की संभावना पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा में लोग कानून व संविधान को समझते हैं, इसलिए यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे लोगों की भावनाओं का दोहन नहीं करें। जोशी ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा देश के लोगों को भ्रमित कर वोट लेना चाहती है।’’ इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि पार्टी अयोध्या में राम मंदिर बनाने को लेकर कटिबद्ध है और वह अपने इस संकल्प से जरा सा भी पीछे नहीं हटेगी। 

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता के सवाल पर शाह ने कहा, ‘‘अयोध्या में जहां रामलला विराजमान हैं, उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर बने, इसके लिए भारतीय जनता पार्टी कटिबद्ध है और यह हमारा देश से वादा है। इसमें एक इंच भी वापस आने का कोई सवाल नहीं है।’’।

उन्होंने कहा, ‘‘जनवरी में अदालत में तारीख है और हमें पूरी आशा है कि राम जन्मभूमि मामले पर तेजी से सुनवाई होगी तथा फैसले के बाद वहां भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। परंतु भाजपा अपने वचन से एक इंच भी पीछे नहीं जा सकती। उसी स्थान पर और डिजाइन के हिसाब से ही भव्य राम मंदिर का निर्माण करना यह भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है जिसे लेकर हमारे मन में कोई संशय नहीं है।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़