राव के पौत्र ने कहा: सोनिया से पूर्व प्रधानमंत्री के रिश्ते खराब नहीं थे

[email protected] । Jul 21 2016 4:56PM

पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिंह राव द्वारा आर्थिक सुधार शुरू करने के 25 वर्ष पूरा होने के अवसर पर उनके पौत्र एन.वी. सुभाष ने दुख जताया कि कांग्रेस ने उनके योगदान को ‘‘पहचान नहीं’’ दी।

हैदराबाद। पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिंह राव द्वारा आर्थिक सुधार शुरू करने के 25 वर्ष पूरा होने के अवसर पर उनके पौत्र एन.वी. सुभाष ने दुख जताया कि कांग्रेस ने उनके योगदान को ‘‘पहचान नहीं’’ दी और इन बातों से इंकार किया कि पूर्व प्रधानमंत्री के सोनिया गांधी से संबंध अच्छे नहीं थे। सुभाष ने कहा कि कुछ वर्गों में इस तरह की अवधारणा सही नहीं है कि राव के प्रधानमंत्री रहते सोनिया से संबंध अच्छे नहीं थे। उन्होंने कहा कि दोनों में काफी अच्छा संबंध था।

सुभाष ने कहा कि कैबिनेट की बैठक से पहले और बाद में राव हमेशा सोनिया से मिलते थे, कैबिनेट विस्तार और विदेशी दौरे को लेकर उनसे सलाह-मशविरा करते थे और चुनावों से पहले ‘‘उनकी पसंद के उम्मीदवारों’’ को लेकर चर्चा करते थे। उन्होंने कहा, ‘‘एक प्रधानमंत्री और क्या कर सकता है?’’ उन्होंने कहा कि गांधी परिवार को एसपीजी सुरक्षा मिली हुई थी, राजीव गांधी फाउंडेशन को सरकारी धन जारी किए गए और राव ने परिवार का ‘‘ठीक से ख्याल’’ रखा। सुभाष ने कहा, ‘‘कई लोगों का मानना था कि अगर वह (राव) पांच वर्ष और प्रधानमंत्री रहे तो लोग नेहरू गांधी परिवार को भूल जाएंगे। अपने लाभ के लिए वास्तव में उन्होंने सोनिया को भड़काया। मेरा मानना है कि उनके (राव के) खिलाफ कोई वैर नहीं था। उनके पति (राजीव गांधी) उनसे बड़े थे। स्वाभाविक रूप से उन्हें सम्मान देना था।’’

उन्होंने कहा कि यह पीढ़ी उदारीकरण के फल चख रही है जिसके बीज 1991 में बोए गए थे। देश में तेज आर्थिक विकास हो रहा है और इसका श्रेय राव को जाता है जिनके बाद की सरकारें सुधार के उस रास्ते पर चलीं।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़