त्रिपुरा के असंतुष्ट भाजपा विधायकों के प्रतिनिधियों ने जेपी नड्डा से की मुलाकात

JP Nadda

असंतुष्टों की ओर से आए चार विधायकों ने नड्डा को राज्य की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति के बारे में भी सूचित किया। मंगलवार रात को हुई यह मुलाकात एक घंटे से भी अधिक समय तक चली। बैठक में नड्डा ने क्या कहा इस बारे में विधायकों ने कुछ नहीं बताया।

अगरतला। त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भाजपा के असंतुष्ट विधायकों ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की और राज्य में बिप्लब कुमार देब प्रशासन के कथित ‘‘खराब शासन’’ को लेकर अपनी शिकायतें उनके सामने रखीं। एक बागी विधायक ने बुधवार को यह जानकारी दी। असंतुष्टों की ओर से आए चार विधायकों ने नड्डा को राज्य की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति के बारे में भी सूचित किया। मंगलवार रात को हुई यह मुलाकात एक घंटे से भी अधिक समय तक चली। बैठक में नड्डा ने क्या कहा इस बारे में विधायकों ने कुछ नहीं बताया। 

बैठक में शामिल हुए चार विधायकों में से एक राम प्रसाद पॉल ने राष्ट्रीय राजधानी से फोन पर बताया, ‘‘बैठक का नतीजा दुर्गा पूजा महोत्सव के समापन के बाद ही सामने आएगा।’’ विधायक सुदीप रॉय बर्मन असंतुष्ट विधायकों के समूह के नेता माने जाते हैं, वह उक्त बैठक में मौजूद नहीं थे। पॉल ने कहा, ‘‘हम यहां किसी की शिकायत करने नहीं आए हैं। लेकिन भाजपा के सदस्य और नेता होने के नाते हम सभी का यह अधिकार है और जिम्मेदारी भी है कि जो कुछ राज्य में हो रहा है हम उसके बारे में केंद्रीय नेतृत्व को सूचित करें।’’ 

इसे भी पढ़ें: बिप्लब देब के नेतृत्व को लेकर त्रिपुरा भाजपा में पनपा असंतोष, 36 में से 25 विधायक चाहते हैं बदलाव !

उन्होंने कहा कि नड्डा को एक ज्ञापन सौंपा गया है जिसमें राज्य के संगठनात्मक एवं राजनीतिक परिदृश्य की जानकारी है, इसके साथ ही उनसे तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की गई है। पॉल ने कहा, ‘‘हम यहां पर अपने लिए नहीं, बल्कि पार्टी की खातिर आए हैं। भाजपा के 36 विधायक हैं (त्रिपुरा में) और आने वाले दिनों में भी यह संख्या बनी रहेगी। इस संख्या में परिवर्तन का तो सवाल ही नहीं उठता।’’ पॉल के अलावा आशीष कुमार साहा, सुशांत चौधरी और परीमल देबबर्मा भी बैठक में शामिल हुए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़