सचिन पायलट का आरोप, वसुंधरा राजे ने किया जनादेश से विश्वासघात

sachin-pilot-allegation-vasundhara-raje-betrayal-of-mandate
[email protected] । Aug 28 2018 6:26PM

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने आज मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर जनादेश से विश्वासघात करने का आरोप लगाया।

चुरू। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने आज मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर जनादेश से विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजे महज अपनी कुर्सी बचाने के लिए गौरव यात्रा निकाल रही हैं। वे पार्टी की संकल्प रैली के तहत चुरू में आयोजित दूसरी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महिला सुरक्षा, किसान आत्महत्या व बेरोजगारी को लेकर राजे सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उसने अपने चुनावी वादों को पूरा करने का संकल्प कभी नहीं दिखाया।

पायलट ने एक बार फिर राजे पर जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा गौरव यात्रा में खपाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रदेश की जनता आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव अशोक गहलोत ने देश की आजादी और विकास में कांग्रेस के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बीते 28 साल में से 18 साल भाजपा का शासन रहा फिर भी भाजपा वाले कांग्रेस को कोस रहे हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया। उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में भाजपा के योगदान पर भी सवाल उठाया।

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि इस बार जनता का प्यार और आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री राजे की गौरव यात्रा के जवाब में कांग्रेस संकल्प रैली निकाल रही है जिसके तहत पहली सभा चित्तौड़गढ़ में हुई थी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़