साध्वी के काट के लिए दिग्विजय ने साधु-संतों के साथ किया रोड शो

sadhu-saint-of-digvijay-for-sadhvi-s-counter-in-bhopal

दिग्विजय को भोपाल लोकसभा सीट से जिताने के लिए कम्प्यूटर बाबा ने यहां धूनी जलाकर अनुष्ठान किया था। इसमें कंप्यूटर बाबा की अगुवाई में सैकड़ों साधु-संतों ने हठयोग किया था।

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं भोपाल लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी दिग्विजय सिंह एवं कम्प्यूटर बाबा ने हजारों साधु-संतों के साथ यहां मुस्लिम बहुल इलाके में बुधवार को रोड शो किया। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाये। शहर के भवानी चौक से लाल परेड ग्राउंड तक रोड शो आयोजित किया गया। दिलचस्प बात यह है कि रोड शो के दौरान दिग्विजय सिंह और कम्प्यूटर बाबा को घेरे हुए कई महिला और पुरुष सादे कपड़ों में भगवा गमछे ओढ़े हुए थे। इनमें से कुछ लोगों ने दावा किया कि वे पुलिसकर्मी हैं। इसकी फुटेज भी स्थानीय टीवी चैनलों में दिखायी गयी। हालांकि, भोपाल जोन के पुलिस महानिरीक्षक जयदीप प्रसाद ने दावा किया कि इस रोड शो में कोई भी पुलिस कर्मचारी भगवा गमछा नहीं ओढ़े हुए था।

इसे भी पढ़ें: कंप्यूटर बाबा बोले, अगर राम मंदिर नहीं तो मोदी भी नहीं

पुलिसकर्मियों के भगवे गमछे ओढ़ने और इस संबंध में स्थानीय टीवी चैनलों में दिखाई गई फुटेज के बारे में पूछे जाने पर प्रसाद ने ‘भाषा’ से कहा, ‘‘यह गलत है। वे पार्टी (कांग्रेस) के स्वयंसेवक हैं। पुलिस का कोई भी व्यक्ति गमछा पहने हुए नहीं था।’’ मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट पर दिग्विजय सिंह का मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से है। प्रज्ञा वर्ष 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं और फिलहाल जमानत पर हैं। शहर के भवानी चौक से लाल परेड ग्राउंड तक आयोजित रोड शो में भगवा धारण किये हुए साधु-संत कांग्रेस के झंडे लिए हुए थे और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगा रहे थे। उनमें से कुछ ने कहा कि अयोध्या में जल्द से जल्द राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस सरकार के दौरान हिंदुओं को आतंकवादी साबित करने की कोशिश की गई : विजयवर्गीय

इससे एक दिन पहले दिग्विजय को भोपाल लोकसभा सीट से जिताने के लिए कम्प्यूटर बाबा ने यहां धूनी जलाकर अनुष्ठान किया था। इसमें कंप्यूटर बाबा की अगुवाई में सैकड़ों साधु-संतों ने हठयोग किया था। इसमें दिग्जिवय सिंह अपनी पत्नी अमृता सिंह के साथ पूजा और हवन करते नजर आए थे। मालूम हो कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज शाम छह बजे भोपाल संसदीय क्षेत्र की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के समर्थन में भोपाल के इसी भवानी चौक से रोड शो निकालेंगे जो मुस्लिम बहुल इलाके से होते हुए शहर के नादरा तक जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़