उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, दिल्ली में 3.9 डिग्री तापमान दर्ज, हिमाचल में कई जगह पारा शून्य से नीचे

Severe cold

भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में हिमालयी क्षेत्र से चली सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है और लोधी रोड पर तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नयी दिल्ली/शिमला। दिल्ली में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर इस सीजन में सबसे कम 3.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, शहर के मौसम से संबंधित आंकड़े उपलब्ध कराने वाली सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 

भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में हिमालयी क्षेत्र से चली सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है और लोधी रोड पर तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को जाफरपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। वहीं, हिमाचल प्रदेश के केलांग में तापमान शून्य से नीचे 12.1 डिग्री सेल्सियस पर चला गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि केलांग, कल्पा, मनाली, सोलन, चंबा और मंडी में बीते 24 घंटे के दौरान तापमान शून्य से नीचे चला गया है। शिमला मौसम केन्द्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि जनजातीय बहुल लाहौल-स्पीति जिले का प्रशासनिक केन्द्र केलांग शून्य से 12. 1 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। 

इसे भी पढ़ें: उत्तर भारत में रात का तापमान रहेगा सामान्य से नीचे, एक हफ्ते बाद थोड़ी राहत की उम्मीद

उन्होंने कहा कि किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से3 डिग्री सेल्सियस नीचेपहुंच गया है। वहीं मनाली में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। सिंह ने बताया कि सोलन में शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम, मंडी में शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम और चंबा में शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़