शाह का दावा, मोदी सरकार ने किसानों को दिये 11,000 करोड़ रुपये

shah-claims-modi-government-gives-rs-11-000-crore-to-farmers
[email protected] । Oct 7 2018 11:19AM

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रशंसा करते हुए शाह ने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश का सीएम किसान का बेटा है, इसलिए वह किसानों का दर्द सुनता है। जिन लोगों ने कभी मिट्टी को हाथ लगाया नहीं, वे किसानी की बात करते हैं।

जावरा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कहा कि केन्द्र की भाजपानीत राजग सरकार किसानों की आय दुगनी करने के लक्ष्य को लेकर काम कर रही है तथा इसके कार्यकाल में 11,000 करोड़ रुपये किसानों को दिये गये हैं। किसान सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में सरकार बनाने के बाद अपने पहले भाषण में कहा था कि गरीब और किसान मेरे दिल में है। इस धारणा को लेकर ही मोदी सरकार ने किसानों के लिए कई कार्य किए हैं। हम किसानों की आय दो गुना करने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं। इसके लिए सभी मुख्यमंत्रियों की एक समिति बनाई है, जिसके अध्यक्ष मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं।’’ जावरा, रतलाम जिले में है और यह मंदसौर जिले के समीप पड़ता है जहां पिछले साल किसान आंदोलन हिंसक हो गया था।

शाह ने कहा, ‘‘वर्ष 2014 से वर्ष 2019 के बीच :2018-19 का घोषित बजट मिलाकर: मोदी सरकार ने किसानों को 11 हजार करोड़ रुपये दिये हैं।’’ कांग्रेस अध्यक्ष पर कटाक्ष करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी किसानों के लिए कार्य करने की बात कह रहे है, लेकिन जब उनकी पार्टी की सरकार थी, तब कुछ क्यों नहीं किया। भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही सबसे ज्यादा उत्पादन हुआ है। अब दलाल किसानों की उपज नहीं खरीदते है, मोदी सरकार ने खरीफ और रबी सीजन की फसलों का दाम दो गुना दिया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रशंसा करते हुए शाह ने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश का सीएम किसान का बेटा है, इसलिए वह किसानों का दर्द सुनता है। जिन लोगों ने कभी मिट्टी को हाथ लगाया नहीं, वे किसानी की बात करते हैं। मध्यप्रदेश में शिवराज ने बिना ब्याज किसानो को कर्ज देना उनके हित मे बहुत बड़ा कार्य किया है। प्रदेश में उनके राज में चौतरफा विकास हो रहा है। सडक़ों का जाल फैला दिया गया है, तो खेती करने वाले किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा रही है।’’ जावरा के बाद शाह ने उज्जैन में भाजपा कार्यकर्ताओं की संभागीय सम्मेलन को सम्बोधित किया। इसके बाद शाह विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना के बाद इन्दौर के लिये रवाना हो गये, जहां से वह रात्रि में ही दिल्ली जायेंगे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़