कश्मीर में ताजा हिमपात से श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद

[email protected] । Jan 16 2017 4:41PM

कश्मीर में ताजा हिमपात के कारण राज्य में आज जनजीवन बाधित रहा और इसके चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करना पड़ा तथा विमान सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

श्रीनगर। कश्मीर में ताजा हिमपात के कारण राज्य में आज जनजीवन बाधित रहा और इसके चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करना पड़ा तथा विमान सेवाएं भी प्रभावित हुईं। राज्य में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि समूचे कश्मीर में ताजा हिमपात हुआ और घाटी के ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर भी बर्फबारी देखी गई। उन्होंने कहा कि उत्तर कश्मीर में स्कीईंग के लिए मशहूर गुलमर्ग में रात के दौरान करीब दो फुट बर्फ गिरी। राज्य के ऊंचाई वाले कई स्थानों पर भी भारी बर्फबारी होने की खबर है, साथ ही 300 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के इलाकों में भी बर्फबारी की सूचना है जिसके चलते राजमार्ग को बंद करना पड़ा है।

राज्य के यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘खराब मौसम के चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।’’ उन्होंने बताया कि जवाहर सुरंग के पास और इसके आसपास के इलाकों में करीब दो फुट बर्फ गिरी जिसके कारण अधिकारियों ने यातायात आवाजाही रद्द करने का फैसला किया। यह मार्ग कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग है। अधिकारी ने बताया कि बर्फबारी ने यातायात के लिए राजमार्ग को फिर से खोलने का प्रयास बाधित कर दिया है।

राज्य में आने वाली और श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से जाने वाली विमान सेवाएं हिमपात के चलते प्रभावित हुई हैं और आज सुबह दो विमानों की उड़ान रद्द कर दी गई। हवाई अड्डा के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘विमानों की उड़ान सेवाएं रद्द कर दी गई हैं और अगर मौसम में कोई सुधार नहीं होता तो उड़ान सेवाएं दिन भर के लिए बाधित रहेंगी।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़