श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग खुला, घाटी में पारा गिरा

[email protected] । Jan 23 2017 1:18PM

कश्मीर संभाग में रात के तापमान में गिरावट आई, हालांकि ताजा बर्फबारी नहीं हुई जिसके चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग खुल गया। एक दिन पहले ही बर्फबारी के कारण राजमार्ग बंद किया गया था।

श्रीनगर। पूरे कश्मीर संभाग में रात के तापमान में गिरावट आई, हालांकि ताजा बर्फबारी नहीं हुई जिसके चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग खुल गया। एक दिन पहले ही बर्फबारी के कारण राजमार्ग बंद किया गया था। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग को आज एकतरफा यातायात के लिए खोला गया। इस पर केवल हल्के मोटर वाहनों को जाने दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कश्मीर घाटी को बाकी के देश से जोड़ने वाले और हर मौसम में खुले रहने वाले 300 किमी लंबे इकलौते मुख्य मार्ग के जरिए जम्मू से श्रीनगर की ओर केवल एकतरफा यातायात की इजाजत दी गई है।

रविवार रात घाटी में बर्फबारी या बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज से लेकर अगले पांच दिनों तक बारिश या बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से लेकर बृहस्पतिवार तक हल्की से भारी बर्फबारी हो सकती है। काजीगुंद को छोड़कर पूरी घाटी में रात के तापमान में गिरावट आई है। श्रीनगर में पारा तीन डिग्री लुढ़क कर शून्य से नीचे 1.3 डिग्री तक पहुंच गया। काजीगुंद में तापमान शून्य से नीचे 3.6 डिग्री रहा। पहलगाम में पारा शून्य से नीचे 7.2 डिग्री और गुलमर्ग में शून्य से नीचे 8.6 डिग्री रहा। कुपवाड़ा में तापमान शून्य से नीचे 3.6 डिग्री, कोकेरनाग में शून्य से नीचे 6.4 डिग्री रहा। लद्दाख का लेह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां पारा शून्य से नीचे 8.7 डिग्री दर्ज किया गया।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़