राज्यों को आगामी तीन दिन में मिलेंगी कोविड-19 टीके की सात लाख और खुराक: केंद्र सरकार

doses

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी कोविड-19 टीके की 90 लाख से अधिक खुराक हैं और सात लाख से अधिक खुराक आगामी तीन दिन में उन्हें वितरित की जाएंगी।

नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी कोविड-19 टीके की 90 लाख से अधिक खुराक हैं और सात लाख से अधिक खुराक आगामी तीन दिन में उन्हें वितरित की जाएंगी। मंत्रालय ने बताया कि केंद्र ने राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक 18 करोड़ से अधिक (18,00,03,160) खुराक नि:शुल्क दी हैं, जिनमें से 17,09,71,429 करोड़ खुराकों की खपत हो चुकी है। उसने कहा, ‘‘राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के पास 90 लाख से अधिक खुराक (90,31,691) अब भी हैं।’’ उसने कहा कि जिन राज्यों ने कम आपूर्ति दिखाई है, वे टीकों की आपूर्ति की तुलना में अधिक खपत दिखा रहे हैं, जिनमें बर्बाद हुई खुराक भी शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: तेलंगाना ने 12 मई से 10 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की, 4,826 नए मामले

इसका कारण यह है कि उन्होंने ‘‘सशस्त्र बलों को मुहैया कराए गए टीकों को शामिल नहीं किया है’’। मंत्रालय ने बताया कि आगामी तीन दिन में राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों को 7,29,610 और खुराक दी जाएंगी। उसने बताया कि भारत सरकार राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को कोविड-19 टीका नि:शुल्क मुहैया कराके राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम में मदद कर रही है। कोविड- 19 टीकाकरण की ‘उदारीकृत और त्वरित चरण तीन रणनीति’ एक मई, 2021 से शुरू हो गई है।

इसे भी पढ़ें: जब अचानक सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सुनाई देने लगी सोनिया गांधी की आवाज

रणनीति में यह स्पष्ट किया गया है कि केंद्र सरकार हर महीने केंद्रीय औषधि प्रयोगशाला द्वारा स्वीकृत टीकों की खुराक का 50 प्रतिशत ही खरीदेगी और इन्हें राज्य सरकारों को पहले की तरह नि:शुल्क मुहैया कराया जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़