भाजपा के अंदर फडणवीस को बदलने की बात चल रही है: शिवसेना

Talking about changing the Fadnavis inside the BJP: Shivsena
[email protected] । Jul 26 2018 9:14AM

मराठा आरक्षण के लिए फिर से शुरू हुए आंदोलन के बीच शिवसेना के सांसद संजय राउत ने आज कहा कि भाजपा के अंदर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को बदलने की बात चल रही है।

मुम्बई। मराठा आरक्षण के लिए फिर से शुरू हुए आंदोलन के बीच शिवसेना के सांसद संजय राउत ने आज कहा कि भाजपा के अंदर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को बदलने की बात चल रही है। राउत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य में नेतृत्व परिवर्तन के लिए अंतिम निर्णय (भाजपा अध्यक्ष) अमित शाह और (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी करेंगे। लेकिन भाजपा के अंदर मुख्यमंत्री को बदलने की बात चल रही है।’’ 

अक्तूबर 2014 में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले फडणवीस मराठा आंदोलनकारियों और विपक्ष के दबाव में हैं जिन्होंने सरकार पर मराठा समुदाय की मांगों को लेकर लचर रूख अपनाने का आरोप लगाया है। राउत ने कहा कि राज्य की वर्तमान स्थिति ‘‘ चिंताजनक ’’ है और राज्य सरकार इससे ‘‘ निपटने में सक्षम नहीं है।’’ भाजपा के दो वरिष्ठ मंत्रियों ने राउत के दावे को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा के अंदर फडणवीस को बदलने की बात नहीं चल रही है। 

राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को बदलने का कोई कारण नहीं है। मुख्यमंत्री मराठा आरक्षण देने के काफी पक्ष में हैं, मुझसे भी ज्यादा।’’ वनमंत्री सुधीर मुंगंटीवार ने कहा कि भाजपा के अंदर फडणवीस को बदलने की बात नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में सभी निर्णय सामूहिक रूप से लिए जाते हैं। भाजपा प्रवक्ता माधव भंडारी ने राउत के दावे को खारिज करते हुए कहा , ‘‘ सरकार और मुख्यमंत्री अच्छा काम कर रहे हैं और स्थिर हैं। पार्टी के अंदर कोई समस्या नहीं है। यह शिवसेना की तरफ से महज अफवाह है।’’ 

राउत ने कहा कि शिवसेना सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण की मांग में मराठा समुदाय का शुरू से ही समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा जब विपक्ष में थी तो उसने भी आरक्षण के लिए मराठा आंदोलन में हिस्सा लिया था। अब यह देखना भाजपा की जिम्मेदारी है कि कैसे आरक्षण दिया जा सकता है।’’ राउत ने कहा कि सरकार मामले को न्यायालय के विचाराधीन बताकर मुद्दे से नहीं भाग सकती है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़