जो प्रोग्रेसिव राजनीति करेगा, वही देश पर राज करेगा: दिग्विजय चौटाला

the-progressive-politics-will-rule-the-country-digvijaya-chautala

दिग्विजय दावा करते हैं कि जेजेपी, हरियाणा के भूतपूर्व मुख्यमंत्री और अपने परदादा चौधरी देवीलाल की राजनीतिक विरासत की असली उत्तराधिकारी है।

नयी दिल्ली। हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की भाजपा सरकार पर बंटवारे की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए जननायक जनता पार्टी जेजेपी के युवा नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अब वक्त बदल चुका है और जो  प्रोग्रेसिव राजनीति करेगा, वही देश पर राज करेगा।  उन्होंने साथ ही कहा कि जेजेपी बदले की राजनीति में नहीं, बल्कि बदलाव की राजनीति में विश्वास करती है। हरियाणा की सोनीपत लोकसभा सीट से जेजेपी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरे दिग्विजय चौटाला हरियाणा प्रदेश में बहुसंख्यक जाट और गैर जाट समुदायों के बीच भाईचारे में जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर आई कथित खटास के लिए भाजपा की  बांटो और राज करो की नीति  को जिम्मेदार ठहराते हैं। 

इसे भी पढ़ें: जेजेपी ने घोषित किए प्रत्याशी, सोनीपत से हुड्डा के सामने दिग्विजय चौटाला को टिकट

दिग्विजय दावा करते हैं कि जेजेपी, हरियाणा के भूतपूर्व मुख्यमंत्री और अपने परदादा चौधरी देवीलाल की राजनीतिक विरासत की असली उत्तराधिकारी है। उन्होंने इस बात का खंडन किया कि वह भाजपा के साथ किसी प्रकार की सांठगांठ या जाट वोटों में विभाजन के लिए मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा, जो लोग और पार्टियां जेजेपी की उभरती ताकत से डर गई हैं, वही इस प्रकार का दुष्प्रचार कर रही हैं।  उन्होंने साथ में जोड़ा  अब समय बदल चुका है और बंटवारे की राजनीति नहीं बल्कि सकारात्मक व प्रोग्रेसिव राजनीति करने वाला ही देश पर राज करेगा।  

इसे भी पढ़ें: हरियाणा में कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं: आप

दिग्विजय ने अपने पिता अजय चौटाला और दादा ओम प्रकाश चौटाला को शिक्षक भर्ती घोटाले में सजा के लिए प्रदेश की, भूपिंदर सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। क्या इसे लेकर उनके मन में कोई बदले की भावना है, इस सवाल के जवाब में वह कहते हैं,   हम बदला लेने नहीं, बदलाव करने आए हैं। सोनीपत सीट चौटाला परिवार के लिए नई नहीं है। यहां से 1980 में चौधरी देवीलाल ने लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। प्रदेश की दस लोकसभा सीटों पर 12 मई को मतदान होगा जिसमें दिग्विजय सिंह सोनीपत सीट से पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के खिलाफ मैदान में हैं। इस सीट पर इंडियन नेशनल लोकदल ने सुरेन्द्र छिकारा को टिकट दिया है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के मौजूदा सांसद रमेश चंद्र कौशिक को इस सीट पर 3,47,203 वोट मिले थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़