कार्यकर्ता ने सांसद निशिकांत दुबे के पैर धोकर पीया, विवाद शुरू

the-worker-drank-the-feet-of-mp-nishikant-dubey-started-controversy
[email protected] । Sep 17 2018 6:50PM

झारखंड के गोड्डा जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता ने पार्टी सांसद निशिकांत दुबे के पैर धोकर पिया। दुबे रविवार को रांची से करीब 330 किलोमीटर दूर गोड्डा ब्लॉक के कनभरा गांव में एक पुल के शिलान्यास समारोह में गये थे।

गोड्डा (झारखंड)। झारखंड के गोड्डा जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता ने पार्टी सांसद निशिकांत दुबे के पैर धोकर पिया। दुबे रविवार को रांची से करीब 330 किलोमीटर दूर गोड्डा ब्लॉक के कनभरा गांव में एक पुल के शिलान्यास समारोह में गये थे। इसी कार्यक्रम में पवन कुमार साह ने एक धातु की प्लेट पर दुबे के पैर रखकर उन्हें धोया और फिर इस पानी को पी लिया।

भीड़ के बीच घटी यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद शुरू हो गया। घटना की निंदा करते हुए प्रदेश कांग्रेस ने इसे शर्मनाक कहा। प्रदेश कांग्रेस ने लिखा, ‘‘क्या बात है। भाजपा कहती है कि पैर धोने की तो परंपरा रही है। और ओबीसी समुदाय के किसी व्यक्ति को यह पानी पिलाना भी भाजपा की परंपरा है?’’ इस बीच दुबे ने सोमवार को यहां साह की अध्यक्षता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और आरोप लगाया कि राफेल सौदे और भगोड़े कारोबारी विजय माल्या जैसे मुद्दों को भुनाने में विफल रहने के बाद विपक्ष इस घटना का लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है।

जब और सवाल पूछे जाने लगे तो गोड्डा से सांसद दुबे ने साह की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह जवाब देंगे। साह ने अपने कृत्य को सही ठहराते हुए कहा कि दुबे उनके बड़े भाई की तरह हैं और उन्होंने पुल की स्वीकृति मिलने के बाद ही इस रस्म को अदा करने का फैसला कर लिया था। दुबे के पैरे धोने के लिए किसी तरह से मजबूर किये जाने की संभावना को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास चाकू था। अगर कोई मुझ पर दबाव डालता तो मैं खुद को चाकू मार लेता।’’ उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि अगर कोई इस संबंध में भ्रम फैलाता है तो वह मामला दर्ज करा देंगे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़