#TopNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें

todays-latest-breaking-news-in-hindi-09-march-2019
निधि अविनाश । Mar 9 2019 4:00PM

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज दिनांक 09 Mar 2019 की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

स्ट्राइक को लेकर राजनाथ का बड़ा खुलासा, सीमा पार जाकर सेना ने किए हैं 3 स्ट्राइक

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कर्नाटक के मंगलुरू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारत की ओर से पाकिस्तान में किए गए एयर स्ट्राइक के बारे में नई जानकारी दी। उन्होंने एक चौंका देने वाला खुलासा करते हुए कहा कि पिछले पांच सालों में सेना ने सीमा के पार जाकर तीन स्ट्राइक की हैं। जब उरी में हमारे जवानों की हत्या हुई थी तो भारतीय सेना ने पाक अधिकृत कश्मीर में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक किया था। इसी के साथ बीजेपी नेता ने कहा कि दूसरा स्ट्राइक अभी हाल ही में हुआ था, लेकिन मैं आपको तीसरे स्ट्राइक की जानकारी नहीं दूंगा।

विदेश मंत्रालय ने कहा,नीरव मोदी के प्रत्यर्पण के लिए हरसंभव कदम उठा रहा है भारत

विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि सरकार दो अरब डॉलर के पीएनबी धोखाधड़ी मामले के आरोपी हीरा कारोबारी नीरव मोदी को ब्रिटेन से प्रत्यर्पित करने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि ब्रिटेन नीरव को प्रत्यर्पित करने के भारत के अनुरोध पर विचार कर रहा है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा, ‘‘ब्रिटेन नीरव मोदी को प्रत्यर्पित करने के हमारे अनुरोध पर अब भी विचार कर रहा है। सरकार उसके प्रत्यर्पण के लिए हरसंभव जरूरी कदम उठा रहा है।’’

PM मोदी ने नोएडा में दिल्ली मेट्रो के ब्लूलाइन विस्तार का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली मेट्रो की ब्लूलाइन पर नोएडा सिटी सेंटर-नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी खंड का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने ग्रेटर नोएडा में एक समारोह के दौरान इसका उद्घाटन किया। मोदी ने ग्रेटर नोएडा से वीडियो लिंक के जरिए बुलंदशहर के खुर्जा में 1320 मेगावाट ताप विद्युत संयंत्र और बिहार के बक्सर में 1320 मेगावाट के बिजली संयंत्र की आधारशिला रखी। इससे पहले, उन्होंने ग्रेटर नोएडा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान के परिसर में दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

MEA ने पाकिस्तान के झूठ की खोली पोल, जैश के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने शनिवार को सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बोले जा रहे झूठ का पर्दाफाश किया हैं। रवीश कुमार ने कहा की पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ F-16 का इस्तेमाल किया था, लेकिन अब झूठ बोल रहा है। पाकिस्तान लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ये भारत के खिलाफ झूठ फैला रहा हैं। यदि पाकिस्तान दावा करता है कि उसके पास दूसरे भारतीय विमान की डाउनिंग की वीडियो रिकॉर्डिंग है तो उन्होंने वीडियो को अंतरराष्ट्रीय मीडिया के साथ साझा क्यों नहीं किया है? उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अभी भी आतंकियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। यह खेदजनक है कि पाकिस्तान, जैश-ए-मोहम्मद के पुलवामा हमले की जिम्मेदारी लेने के बाद भी इसे मानने से इनकार कर रहा हैं। 

गोवा में  बोले राहुल सत्ता में आने पर कांग्रेस बनाएगी मत्स्य मंत्रालय

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को गोवा में परंपरागत मछुआरों के एक समूह को आश्वासन दिया कि अगर इस साल केंद्र में उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो मत्स्य पालन के लिए एक अलग केंद्रीय मंत्रालय बनाया जाएगा। शुक्रवार को गोवा पहुंचे राहुल ने खनन पर निर्भर लोगों, पारंपरिक मछुआरों, तटीय विनियमन क्षेत्र (सीआरजेड) अधिसूचना में हालिया संशोधन और वास्को शहर में कोयला प्रबंधन का विरोध करने वाले पर्यावरणविदों के साथ शनिवार को यहां कई बैठकें कीं। नेशनल फिशरवर्कर्स फोरम के उपाध्यक्ष ओलेन्सियो सिमोएस ने कहा, ‘राहुल गांधी ने हमें आश्वासन दिया कि मत्स्य पालन और मछुआरा कल्याण के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया जाएगा।’ 

जमात-ए-इस्तामी के थे ISI से रिश्ते, पाक से बना हुआ था संपर्क

हाल में प्रतिबंधित और जम्मू कश्मीर में सक्रिय संगठन जमात-ए-इस्लामी जम्मू कश्मीर का पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ गहरा संपर्क बना हुआ था और वे लोग नयी दिल्ली में कार्यरत पाकिस्तान के उच्चायोग के साथ सतत संपर्क बनाये हुये थे ताकि वे राज्य में पृथकतावाद को बढ़ावा दे सके। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हुर्रियत कांफ्रेंस में जमात-ए-इस्लामी के सबसे अहम सदस्य सैयद अली शाह जिलानी हैं। एक वक्त में प्रतिबंधित संगठन उन्हें जम्मू कश्मीर के ’अमीर-ए-जिहाद’ (जिहाद के प्रमुख) कहता था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी कि इस संगठन ने पाकिस्तान की इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) के साथ गहरे ताल्लुकात बना लिये थे ताकि वह कश्मीरी युवाओं को हथियार उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण देने और शस्त्र आपूर्ति के लिए साजोसामान मुहैया करा सके। 

सिंधिया ने कहा उत्तर प्रदेश में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस 

कांग्रेस महासचिव और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सपा और बसपा के रास्ते कांग्रेस से अलग हो सकते हैं, लेकिन उनका लक्ष्य एक है। उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन के साथ जाने के सवाल पर सिंधिया ने  कहा, हमने बार-बार कहा है कि हमारा मकसद एक ही है कि केंद्र में संप्रग की सरकार बननी चाहिए। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अपनी शक्ति के आधार पर और अपने दम पर ये चुनाव लड़ने जा रही है। उन्होंने कहा,  सपा और बसपा ने अपना निर्णय लिया है। उनका यह हक है कि वे अपना निर्णय लें। हम उनके निर्णय का सम्मान करते हैं। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़