सपा-बसपा गठबंधन का ऐलान कल, अखिलेश और मायावती करेंगे साझा प्रेस कांफ्रेंस

tomorrow-will-announce-sp-and-bsp-coalition-akhilesh-and-mayawati-share-press-conference
[email protected] । Jan 11 2019 12:36PM

इस आशय की जानकारी शुक्रवार सुबह बसपा के महासचिव सतीश मिश्रा और सपा सचिव राजेंद्र चौधरी ने एक साझा बयान में दी।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती कल शनिवार दोपहर को एक साझा पत्रकार वार्ता करेंगे। माना जा रहा है इसमें लोकसभा चुनावों में महागठबंधन की सीटों को लेकर घोषणा हो सकती है। इस आशय की जानकारी शुक्रवार सुबह बसपा के महासचिव सतीश मिश्रा और सपा सचिव राजेंद्र चौधरी ने एक साझा बयान में दी। यह पत्रकार वार्ता शनिवार दोपहर शहर के पांच सितारा होटल में आयोजित होनी है। हाल ही में दोनों दलों के नेताओं ने दिल्ली में भेंट कर लोकसभा चुनावों में महागठबंधन के स्वरूप पर चर्चा की थी।

सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटों में से सपा और बसपा की योजना 37-37 सीटों पर चुनाव लड़ने की है। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) को भी दो या तीन सीटें देने की चर्चा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सीट अमेठी और सोनिया गांधी की सीट रायबरेली पर महागठबंधन अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगा। निषाद पार्टी को भी महागठबंधन में शामिल किया जा सकता है। 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 80 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी गठबंधन ने 73 सीटें जीती थीं और इस बार उसके नेता 73 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: अब मोदी के अच्छे दिन लद गए हैं: अजित सिंह

बसपा-सपा और रालोद ने साथ मिलकर उपचुनाव लड़ा था जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गोरखपुर सीट और उप मुख्यमंत्री की फूलपुर सीट से सपा प्रत्याशियों को जीत मिली थी। जबकि कैराना सीट पर रालोद प्रत्याशी ने भाजपा से यह सीट छीनी थी। बसपा सुप्रीमो मायावती गुरुवार शाम दिल्ली से लखनऊ पहुंची। पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि वह 15 जनवरी को अपने जन्म दिन के दिन महागठबंधन की साझा प्रेस कांफ्रेंस कर सकती है लेकिन अब जन्म दिन के तीन दिन पहले ही इस प्रेस कांफ्रेस का आयोजन किया जा रहा है।

जयंत चौधरी को अभी तक महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस का न्यौता नहीं

उप्र में सपा बसपा महागठबंधन की शनिवार को होने वाली साझा प्रेस कांफ्रेस के लिये अभी तक गठबंधन के एक अन्य दल राष्ट्रीय लोकदल को इसमें शामिल होने का न्यौंता नहीं मिला है। हालांकि पार्टी के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी कल राजधानी लखनऊ में रहेंगे और संभवत: दोनों नेताओं से बाद में मुलाकात भी कर सकते हैं। लेकिन राष्ट्रीय लोकदल ने छह सीटों की मांग की है जबकि सूत्रों के अनुसार महागठबंधन द्वारा दो से तीन सीटे देने की बात चल रही है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़