दो हफ्तों में कोरोना के एक करोड़ नमूनों की जांच, अब तक 4 करोड़ के करीब पहुंची टेस्ट की संख्या
भारत पहले ही प्रति दिन 10 लाख जांच करने की क्षमता प्राप्त कर चुका है। बृहस्पतिवार को 24 घंटे की अवधि में कुल 9,01,338 नमूनों के परीक्षण किए गए थे।
नयी दिल्ली। कोरोना वायरस से संक्रमण का पता लगाने के लिए देश में अब तक कुल 3,94,77,848 परीक्षण किए जा चुके हैं और पिछले दो हफ्तों में ही एक करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी और कहा कि देश में प्रति दस लाख आबादी पर जांच की संख्या 28,607 हो गयी है। केंद्र सरकार की ‘परीक्षण, निगरानी और इलाज‘ रणनीति पर ध्यान केंद्रित रखते हुए भारत में लगातार दूसरे दिन नौ लाख से अधिक नमूनों के परीक्षण किए गए। भारत पहले ही प्रति दिन 10 लाख जांच करने की क्षमता प्राप्त कर चुका है। बृहस्पतिवार को 24 घंटे की अवधि में कुल 9,01,338 नमूनों के परीक्षण किए गए थे। इसके साथ ही अब तक किए गए कुल परीक्षणों की संख्या 3,94,77,848 हो गयी।
इसे भी पढ़ें: कोरोना के मामलों में जबरदस्त उछाल, एक दिन में सर्वाधिक 77,266 नए मामले, अबतक 61,529 मरीजों की हुई मौत
मंत्रालय ने कहा कि पिछले दो हफ्तों में कोविड का पता लगाने के लिए एक करोड़ से अधिक नमूनों के परीक्षण किए गए हैं। मंत्रालय ने रेखांकित किया कि प्रति दस लाख आबादी पर जांच की संख्या भी बढ़कर 28,607 हो गयी है। व्यापक स्तर पर परीक्षणों से ही संक्रमण की पहचान प्रारंभिक चरण में की जा सकती है, उनके करीबी संपर्कों का तुरंत पता लगाया जा सकता है और उन्हें पृथक कर समय पर प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है। जांच पर जोर देने की रणनीति के तहत देश में प्रयोगशालाओं के नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जाता है और आज देश में 1,564 प्रयोगशालाएं काम कर रही हैं। इनमें 998 प्रयोगशालाएं सरकारी क्षेत्र में और 566 निजी क्षेत्र में हैं।
इसे भी पढ़ें: जेईई और नीट परीक्षाओं के विरोध में प्रदर्शन, छात्रों ने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने को मजबूरी बताया
भारत में एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 77,266 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 33,87,500 हो गए। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 1,057 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 61,529 हो गई।
The total number of samples tested up to 27th August is 3,94,77,848 including 9,01,338 samples tested yesterday: Indian Council of Medical Research (ICMR)#COVID19 pic.twitter.com/RVvfxGaguO
— ANI (@ANI) August 28, 2020
अन्य न्यूज़