गुड़गांव में यातायात जाम: एनएच-8 पर हजारों लोग फंसे

[email protected] । Jul 29 2016 5:30PM

भारी बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-आठ पर पानी जमा होने के कारण आज गुड़गांव में कार्यालय जाने वाले हजारों लोग और दैनिक यात्री सड़कों पर फंस गये।

गुड़गांव। भारी बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-आठ पर पानी जमा होने के कारण आज गुड़गांव में कार्यालय जाने वाले हजारों लोग और दैनिक यात्री सड़कों पर फंस गये। जाम के कारण अधिकारियों को शहर में स्कूलों को बंद करना पड़ा जबकि कुछ कार्यालयों को भी छुट्टी घोषित करनी पड़ी। कई मोटरसवारों ने अपना वाहन छोड़ दिया और हीरो होंडा चौक सहित दिल्ली-जयपुर रोड के दोनों तरफ जमा घुटने भर पानी में चल कर सफर तय किया। यहां पर यातायात ठहर गया है और 15-20 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया है।

गुरुवार को भारी बारिश के बाद मुख्य नाली के ओवरफ्लो होने के कारण शाम चार बजे से हीरो होंडा चौक के नजदीक पानी जमा होने के बाद से समस्या शुरू हुई। दिल्ली से जयपुर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग एनएच-8 पर सैकड़ों ट्रक फंसे हुये हैं और सुबह में सड़क पर और दैनिक यात्रियों के आने के कारण स्थिति और बिगड़ गयी। गुड़गांव के मुख्य हीरो होंडा चौक पर पानी लगा हुआ है। चौक के नजदीक निर्माणाधीन एक भूमिगत पारपाथ और फ्लाईओवर के चलते घटनास्थल पर एक डाइवर्जन से भी यातायात प्रभावित हुआ जबकि जलनिकासी की व्यवस्था भी असफल रही। गुड़गांव पुलिस ने एक सलाह जारी कर लोगों से दिल्ली से गुड़गांव की यात्रा करने से बचने को कहा है।

पुलिस ने ट्वीटर पर कहा है, ‘‘सड़कों पर पानी जमा होने के कारण दिल्ली से गुड़गांव आने वाले लोगों को यातायात जाम में फंसने से बचने के लिए आज यात्रा नहीं करने की सलाह दी जाती है।’’ गुड़गांव के उपायुक्त टीएल सत्यप्रकाश ने आज गुड़गांव के स्कूलों में दो दिवसीय अवकाश की घोषणा कर दी गई है। गुड़गांव में कुछ एमएनसी ने भी कर्मचारियों को लाने ले जाने वाले वाहनों के जाम में फंसे होने के कारण अवकाश की घोषणा की है। हरियाणा सरकार ने स्थिति पर चर्चा के लिए एक आपात बैठक बुलायी है।

उधर विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इस समस्या की विकरालता को लेकर सरकार पर हमला किया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘गुड़गांव जाम का ठीकरा भाजपा ने दूसरे पर फोड़ा है। यात्रियों विशेषकर एम्बुलेंसों के लिए यह कैसी भयावह अग्नि परीक्षा है जो घंटों से जाम में फंसा हुआ है।’’ कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मनोहर लाल खट्टर सरकार पर गुड़गांव में बुनियादी सुविधाओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘गुड़गांव शहर में इस तरह के हालात पहले कभी पैदा नहीं हुए। पहली बारिश के बाद हमने खट्टर सरकार को चेताया था। वे यह नहीं कह सकते कि कांग्रेस सत्ता में थी।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘अब हम सत्ता में नहीं हैं.. भाजपा के सांसद, सभी विधायक और निगम भी हैं। केन्द्र और राज्य में भी भाजपा की सरकार है। पिछले 24 महीनों में कानून के लिए आपने क्या किया?’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पर्याप्त बिजली, पानी, सीवेज और सड़क सुविधा के बिना इमारतों का फ्लोर क्षेत्र को बढ़ा दिया।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़