भाजपा कार्यालय पहुंचा वाजपेयी का पार्थिव शरीर, PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

vajpayee-body-will-be-taken-to-bjp-office-shortly
अंकित सिंह । Aug 17 2018 11:40AM

अटल बिहारी वाजपेयी का लंबी बीमारी के बाद 93 वर्ष की उम्र में एम्स में निधन हो गया। वाजपेयी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा और केंद्र सरकार के सभी कार्यालयों में आधे दिन की छुट्टी रहेगी।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पार्थिव शरीर कृष्ण मेनन मार्ग स्थित उनके आवास से दीन दयाल मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में ले जाया गया। इस दौरान सड़क के दोनों किनारों पर लोग अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन की लालसा में खड़े रहे।

तिरंगे में लिपटा वाजपेयी का पार्थिव शरीर फूलों से सजे तोप ले जाने वाले वाहन पर रखा हुआ था। उनका पार्थिव शरीर सुबह करीब 10 बजे भाजपा मुख्यालय के लिए रवाना हुआ। पूरा रास्ता ‘अटल बिहारी अमर रहें’ के नारों से गूंजता रहा।

भाजपा मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हैं। वहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह सहित तमाम केन्द्रीय मंत्रियों एवं अन्य लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किये। लंबी बीमारी के बाद कल शाम 93 वर्ष की आयु में वाजपेयी का एम्स में निधन हो गया।

वाजपेयी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा दोपहर एक बजे भाजपा मुख्यालय से शुरू होगी। उनका अंतिम संस्कार शाम चार बजे ‘राष्ट्रीय स्मृति स्थल’ पर किया जाएगा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़