छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक महिला नक्सली ढेर, दो जवान जख्मी

Naxals

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छोटेडोंगर थाना क्षेत्र में डीआरजी और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवानों को गश्त पर रवाना किया गया था। पुलिस दल जब कडेमेटा पुलिस शिविर के करीब था, तभी नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है। मुठभेड़ में दो जवान घायल भी हुए हैं। नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बुधवार को बताया कि जिले के छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगल में सुबह मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है। इस घटना में दो जवान भी घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छोटेडोंगर थाना क्षेत्र में डीआरजी और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवानों को गश्त पर रवाना किया गया था। पुलिस दल जब कडेमेटा पुलिस शिविर के करीब था, तभी नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में एक डीआरजी जवान और एक सीएएफ जवान घायल हो गया। 

इसे भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक ग्रामीण की मौत, एक अन्य घायल 

उन्होंने कहा कि नक्सलियों की गोलीबारी के बाद सुरक्षा बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से भाग गए। बाद में जब सुरक्षा बल ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां एक महिला नक्सली का शव, एक एसएलआर रायफल और 12 बोर की एक बंदूक बरामद की गयी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। 

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़