महिलाओं के साथ हर जगह अच्छा व्यवहार होना चाहिए: प्रकाश जावड़ेकर

women-should-be-treated-equally-everywhere-says-prakash-javadekar
[email protected] । Oct 18 2018 7:07PM

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को कहा कि महिलाओं के साथ सिर्फ कार्यस्थल पर ही नहीं बल्कि हर जगह अच्छा व्यवहार होना चाहिए।

नयी दिल्ली। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को कहा कि महिलाओं के साथ सिर्फ कार्यस्थल पर ही नहीं बल्कि हर जगह अच्छा व्यवहार होना चाहिए। विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के साथ हुए यौन उत्पीड़न के खिलाफ मी टू अभियान जारी है। जावड़ेकर ने हालांकि इस मामले में एम जे अकबर द्वारा दिए गए इस्तीफे पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। अकबर के खिलाफ कई महिलाओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

जावड़ेकर से जब संवाददाताओं ने अकबर के इस्तीफे के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि हमने हमेशा यह ध्यान में रखा है कि न सिर्फ कार्यस्थल पर बल्कि समाज में हर जगह महिलाओं के साथ बराबरी से व्यवहार हो। हम हमेशा यही कहते हैं। इसमें टिप्पणी करने जैसा कुछ भी नहीं है। बुधवार को एम जे अकबर ने विदेश मामलों के राज्य मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके साथ काम कर चुकी कई महिला पत्रकारों ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

हालांकि अकबर ने इन आरोपों से इंकार करते हुए प्रिया रमानी के खिलाफ मानहानि का आपराधिक मामला दायर किया है। अकबर पर आरोप लगाने वाली वह पहली महिला हैं। हॉलीवुड से पिछले साल ‘मी टू’ अभियान शुरू हुआ था। इसी तरह का एक अभियान भारत में कुछ सप्ताह से अभिनेत्री तनुश्री दत्ता द्वारा अभिनेता नाना पाटेकर पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद यहां चल रहा है। दत्ता के आरोप के बाद विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं ने अपने साथ हुए उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाना शुरू किया है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़