Wrestlers Protest : सरकार के साथ खत्म हुई पहलवानों की बैठक, 22 को बुलाई गई WFI की आपात मीटिंग

भारत के स्टार पहलवान बजरंग पुनिया और उनके साथ खेल मंत्रालय गए प्रतिनिधिमंडल की बैठक खत्म हो गई है। इस बैठक के बाद बजरंग पुनिया ने कहा कि हम खेल मंत्रालय के साथ हुई बैठक से संतुष्ट हैं। इस बैठक में खेल सचिव, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के डीजी भी मौजूद थे। बैठक के बाद पहलवानों ने कहा कि भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को हटाया नहीं जाता है, तब तक खिलाड़ियों का धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
विनेश फोगाट ने कहा कि हमारे साथ बहुत गलत व्यवहार हुआ है। अगर हमें इंसाफ नहीं मिलता हम पुलिस के पास जाएंगे। आरोप लगाने वाली लड़कियां खुद सबूत हैं। हम सबकुछ छोड़कर अपना करियर दांव पर लगातर जंतर मंतर पर अध्यक्ष के खिलाफ बैठे हैं। विनेश फोगाट ने मांग की कि रेसलिंग से जुड़े लोगों को ही फेडरेशन का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह को इस्तीफा कब देना है ये वो तय नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होती तब तक यहां से नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह जब तक अपने पद पर हैं तब तक हम कुश्ती नहीं लड़ेंगे।
बजरंग ने कहा हमारे साथ न्याय किया जाए। सभी के करियर का सवाल है। फेडरेशन के व्यवहार से परेशान होकर खिलाड़ी प्रदर्शन पर बैठे है। हमारी लड़ाई फेडरेशन के साथ है सरकार के साथ नहीं है। उन्होंने कहा कि जबतक हमारी मांगों पर कार्रवाई नहीं हो जाती है तब तक खिलाड़ियों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। खिलाड़ी सिर्फ आश्वासन पर प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे।
22 जनवरी को होगी अहम बैठक
जंतर मंतर पर हो रहे पहलवानों के प्रदर्शन के बाद अब भारतीय कुश्ती महासंघ की कार्यकारी समिति और वार्षिक आम बैठक बुलाई गई है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 जनवरी को ये बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह भी हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस हंगामे के बाद इस बैठक में अध्यक्ष इस्तीफा दे सकते हैं।
अन्य न्यूज़