योगी आदित्यनाथ का आरोप, विभाजन और बंटवारे की राजनीति को कांग्रेस ने बढ़ाया

yogi-adityanath-s-allegations-on-congress
[email protected] । Nov 26 2018 1:29PM

कांग्रेस पर देश के जवानों की शहादत का अपमान करने का आरोप लगाते हुए योगी ने कहा कि उसने राजनीतिक स्वार्थों के लिये इस देश में आंतकवाद को पनपाया है और नक्सलवाद को पनपने दिया।

जयपुर। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसने हमेशा विभाजन, बंटवारे की राजनीति की है और इस राजनीति का दुष्परिणाम है कि देश में आतंकवाद सिर चढ़कर बोल रहा है। योगी राजस्थान के मकराना शहर में पार्टी की चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के लोग भेदभाव करते थे और देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री रहते हुए कह दिया था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। अगर मुसलमानों का अधिकार है तो देश का हिन्दू कहां जायेगा?’’

मकराना में भाजपा के उम्मीदवार रूपाराम के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विभाजन, बंटवारे की राजनीति की है और इस विभाजन और बंटवारे की राजनीति का यह दुष्परिणाम है कि इस देश के अंदर आतंकवाद सिर चढ़कर बोल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘जिन आतंकवादियों को कांग्रेस बिरयानी खिलाती थी हम उन्हें गोली खिला रहे हैं। कांग्रेस हमारे सेना के जवानों से कहती थी कि आतंकवादी गोली चलाये तब गोली चलाना––क्या यह संभव हो पायेगा कि इंतजार करेंगे कि कब आंतकवादी गोली चलायेगा तब गोली चलायेंगे।’’’ 

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘आज ऐसा नहीं है। जो भारत का संविधान नहीं मानता, भारत की संप्रभुता को नहीं मानता भारत की एकता और अखंडता का दुश्मन है, जो भारत के निर्दोष नागरिकों पर गोली चलाता है, जो भारत के निर्दोष बहादुर जवानों पर कायराना हमला करता है उसका स्थान इस धरती पर तो नहीं, यमराज के घर ही उसका स्थान होगा।’’उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब भी आयेगी मकराना के मार्बल की चमक को फीकी करेगी, यहां की पहचान को धूमिल करेगी।

कांग्रेस पर देश के जवानों की शहादत का अपमान करने का आरोप लगाते हुए योगी ने कहा कि उसने राजनीतिक स्वार्थों के लिये इस देश में आंतकवाद को पनपाया है और नक्सलवाद को पनपने दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में न कोई नेता है, न वहां कोई नीति है, वहां ना कोई नेक नीयती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान ने विगत पांच वर्षों में वसुंधरा राजे के नेतृत्व में नई ऊंचाईयों को छुआ है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़