ढाई साल में योगी सरकार ने बनाये कीर्तिमान: स्वतंत्र देव सिंह

yogi-government-made-record-in-two-and-a-half-years-says-swatantra-dev-singh
[email protected] । Sep 19 2019 8:17PM

सिंह ने कहा कि विकास के नाम पर अखिलेश ने मैनपुरी और इटावा को ही प्रदेश समझा और निवेश के नाम पर सरकारी धन की लूट कर अपने परिवार में उसकी बंदरबांट की।

लखनऊ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गुरूवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश में चहुंमुखी विकास की हकीकत को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ढाई वर्षो में योगी सरकार ने जनकल्याणकारी कार्यों के जो कीर्तिमान स्थापित किये हैं, वे पूर्व के 15 वर्षो में भी नहीं बन पाये। सिंह ने कहा कि दरअसल हार की हताशा से घर में बैठे अखिलेश ढाई साल में पहली बार अपने  महल  से बाहर भी निकले तो सीधे गरीबों की जमीन कब्जाने वाले भूमाफिया को बचाने के लिए निकले। ऐसे में उन्हें सही तस्वीर कहां समझ आयेगी। 

सिंह ने कहा कि सपा प्रमुख को यकीन नहीं हो रहा है कि इतने अल्प समय में कोई सरकार ईमानदारी के साथ इतना विकास भी कर सकती है। इस हताशा और निराशा में ही वे ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनमें ना तो कोई तथ्य हैं ना ही भरोसे लायक कोई बात। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार का भ्रष्टाचार और अराजकता अभी भूली नहीं है।

इसे भी पढ़ें: योगी सरकार के ढाई साल: उपलब्धियां तो ठीक हैं पर चुनौतियां अभी बाकी हैं

उन्होंने कहा कि  सपा प्रमुख शायद भूल गये है कि जियाउल हक से लेकर जवाहर बाग तक उनके राज में पुलिस अधिकारियों की कैसे दुर्दान्त हत्याएं हुई। आज अपराधी या तो सलाखों के पीछे है या दुनिया छोड़ चुके हैं।  सिंह ने कहा कि विकास के नाम पर अखिलेश ने मैनपुरी और इटावा को ही प्रदेश समझा और निवेश के नाम पर सरकारी धन की लूट कर अपने परिवार में उसकी बंदरबांट की।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़