पंजाब चुनाव से पहले यूरोप यात्रा की योजना बना रहे हैं आप नेता

[email protected] । Aug 19 2016 11:02AM

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविन्द केजरीवाल दल के ‘‘आप पंजाब 2017’’ एजेंडा के तहत अगले महीने से यूरोपीय चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगे।

लंदन, नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविन्द केजरीवाल दल के ‘‘आप पंजाब 2017’’ एजेंडा के तहत अगले महीने से यूरोपीय चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगे। आप आदमी पार्टी, ब्रिटेन ने आज यहां कहा कि सितंबर के पहले सप्ताह में केजरीवाल पार्टी के अन्य नेताओं- कुमार विश्वास, जरनैल सिंह और आदर्श शास्त्री के साथ इटली जाएंगे।

आप ब्रिटेन के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ना सिर्फ युवा बल्कि बुजुर्ग भी पंजाब में बदलाव का हिस्सा बनना चाहते हैं और भ्रष्टाचार तथा मादक पदार्थ मुक्त पंजाब देखने को उत्सुक हैं। इससे भी ज्यादा सभी गुरुद्वारा समितियों (जहां हम जाते हैं) ने पंजाब विधानसभा चुनाव-2017 में आप का समर्थन करने को कहा है।’’ इटली में रहने वाले पंजाबी-मूल के लोगों से मुलाकात के लिए इस यात्रा के बाद कुमार विश्वास ब्रिटेन आएंगे। यहां सितंबर के अंत में वह विभिन्न गुरुद्वारों में लोगों से मिलेंगे। पंजाब में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं।

इस बीच, नयी दिल्ली से मिली खबर के अनुसार आम आदमी पार्टी ने पंजाब में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में 13 उम्मीदवारों की दूसरी सूची आज जारी की है। साथ ही पार्टी ने जरनैल सिंह को राज्य का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। उम्मीदवारों की सूची अमृतसर में पार्टी मुख्यालय से आप के पंजाब प्रभारी संजय सिंह और संगरूर से सांसद भगवंत मान ने जारी की। सूची में शामिल प्रमुख नाम हैं- आप की पंजाब महिला मोर्चा अध्यक्ष बलजिन्दर कौर (तलबंडी साबो), पार्टी के व्यापार संघ के प्रमुख अमन अरोड़ा (सुनाम), पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा प्रमुख देव मान (नाभा-सु) और कांग्रेस के दिवंगत नेता जसजीत रंधावा की पुत्री अनु रंधावा (घनौर)।

वहीं नयी दिल्ली में पार्टी ने राजौरी गार्डन से विधायक जरनैल सिंह को पंजाब का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। अभी तक प्रभारी का काम विधायक नरेश यादव कर रहे थे। उन्हें पवित्र धार्मिक ग्रंथों के अनादर के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। आप प्रवक्ता दीपक वाजपेयी ने कहा कि यादव को उनके पद से हटाया नहीं जा रहा है। सिंह यादव के साथ मिलकर सह-प्रभारी तथा पंजाब प्रवक्ता के रूप में काम करेंगे।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़