आईआईएसईआर कोलकाता में होगी राष्ट्रीय अंतरिक्ष विज्ञान संगोष्ठी-2022

National Space Science Seminar

वीडियो और पोस्टर प्रतियोगिताओं में कक्षा 9-12 के छात्रों और स्नातक छात्रों के लिए अलग-अलग श्रेणियां हैं। लघु वीडियो बनाने या वैज्ञानिक अवधारणा को कलात्मक व्याख्या के जरिये समझाने के लिए विषयों की एक सूची में से छात्र अपने पसंदीदा विषय चुन सकते हैं।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से आम लोगों को जोड़ने के लिए उन्हें इस क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी दिया जाना आवश्यक है। विज्ञान आउटरीच कार्यक्रम इस उद्देश्य को पूरा करने में मदद करते हैं। राष्ट्रीय अंतरिक्ष विज्ञान संगोष्ठी (एनएसएसएस) एक ऐसी ही पहल है। इस संगोष्ठी के वर्ष 2022 संस्करण का आयोजन भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) कोलकाता में किये जाने की घोषणा की गई है।

इसे भी पढ़ें: युवा वैज्ञानिकों को प्रोत्साहन देने के लिए संचालित हो रहे हैं कई कार्यक्रम

राष्ट्रीय अंतरिक्ष विज्ञान संगोष्ठी (एनएसएसएस) का आयोजन प्रत्येक दो वर्ष के अंतराल पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा अन्य विज्ञान संस्थानों के साथ मिलकर किया जाता है। इस संगोष्ठी का उद्देश्य अंतरिक्ष विज्ञान, ग्रहीय अन्वेषण और खगोल विज्ञान कार्यक्रमों के विकास पर चर्चा और नयी खोजों की प्रस्तुति के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। आईआईएसईआर कोलकाता में इस बार यह संगोष्ठी 31 जनवरी से 04 फरवरी 2022 तक आयोजित की जाएगी।

इस संगोष्ठी के आयोजन के दौरान आम लोगों और छात्रों के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें छात्रों के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिताएं विशेष रूप से शामिल हैं। सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन स्पेस साइंसेज इंडिया (सीईएसएसआई), आईआईएसईआर कोलकाता और आउटरीच कमेटी, एनएसएसएस-2022 द्वारा जारी एक वक्तव्य में यह जानकारी दी गई है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर सार्वजनिक वार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर कोलकाता के साइंस सिटी में एक अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी भी लगायी जा रही है। वैज्ञानिकों से संवाद इस कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण होगा। संगोष्ठी के सार्वजनिक जुड़ाव कार्यक्रम के घटक के रूप में, छात्रों के लिए अंतरिक्ष थीम प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, वीडियो और पोस्टर प्रतियोगिता और पेंटिंग प्रतियोगिता शामिल है।

इसे भी पढ़ें: ओमिक्रॉन की पहचान के लिए भारतीय शोधकर्ताओं ने विकसित किये दो नये परीक्षण

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता स्कूलों के लिए तीन या उससे कम छात्रों (कक्षा 9-12) की एक टीम के साथ पंजीकरण करने के लिए खुली है। इसके लिए पंजीकरण 24 दिसंबर 2021 को सुबह 10 बजे से किया जा सकेगा। पंजीकरण करने वाले पहले 50 स्कूलों को 02 जनवरी 2022 को प्रारंभिक दौर के लिए चुना जाएगा। इसके बाद 08 जनवरी 2022 को फाइनल होगा। पहली तीन विजेता टीमों को नकद पुरस्कार और इसरो स्मृति चिह्न के रूप में एक बैग प्रदान किया जाएगा।

वीडियो और पोस्टर प्रतियोगिताओं में कक्षा 9-12 के छात्रों और स्नातक छात्रों के लिए अलग-अलग श्रेणियां हैं। लघु वीडियो बनाने या वैज्ञानिक अवधारणा को कलात्मक व्याख्या के जरिये समझाने के लिए विषयों की एक सूची में से छात्र अपने पसंदीदा विषय चुन सकते हैं। प्री-प्राइमरी और प्राथमिक स्कूल के बच्चों के लिए विभिन्न अंतरिक्ष विषयों पर पेंटिंग और ड्राइंग प्रतियोगिताएं अलग-अलग आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक स्कूल अपने छात्रों में से अधिकतम 05 पेंटिंग का चयन कर सकता है और उन सभी का एक कोलाज जमा कर सकता है। विजेताओं को इसरो से जुड़ी यादगार वस्तुएं भेंट की जाएंगी।   

                                                                                              

वीडियो, पोस्टर और पेंटिंग प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी है, जिसके लिए ऑनलाइन फॉर्म उपलब्ध हैं। देश भर से प्रतिभागी इन प्रतियोगिताओं में शामिल हो सकते हैं। संगोष्ठी और इससे संबंधित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर मिल सकती है। सभी प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण और आवेदन फॉर्म http://www.cessi.in/nsss/Outreach.html पर उपलब्ध हैं। 

(इंडिया साइंस वायर)

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़