सुनील छेत्री ने तोड़ा मेस्सी का रेकॉर्ड, सर्वकालिक रिकार्ड में टॉप 10 में पहुंचने से एक गोल दूर

sunil

भारतीय फुटबॉल टीम के करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने सर्वकालिक रिकार्ड में शीर्ष 10 में पहुंचने से एक गोल दूर रह गए है।छेत्री बार्सिलोना के स्टार मेस्सी से दो और यूएई के अली मबखौत से एक गोल आगे हैं। मबखौत 73 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

दोहा। भारतीय फुटबॉल टीम के करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री अर्जेंटीना के सुपर स्टार लियोनेल मेस्सी को पीछे छोड़कर सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गये हैं। छत्तीस वर्षीय छेत्री ने सोमवार को ​फीफा विश्व कप 2022 और एएफसी एशियाई कप 2023 के संयुक्त क्वालीफाईंग मैच में बांग्लादेश के खिलाफ भारत की तरफ से दोनों गोल किये। इस तरह से उनके कुल अंतरराष्ट्रीय गोल की संख्या 74 हो गयी है। विश्व कप क्वालीफायर में भारत की पिछले छह वर्षों में पहली जीत के नायक छेत्री सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में केवल पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (103) से पीछे हैं। छेत्री बार्सिलोना के स्टार मेस्सी से दो और यूएई के अली मबखौत से एक गोल आगे हैं। मबखौत 73 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

इसे भी पढ़ें: दक्षिण कोरिया के 2002 विश्व कप के स्टार यू संग-चुल का 49 की उम्र में निधन

मेस्सी ने पिछले गुरुवार को चिली के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर मैच में अपना 72वां अंतरराष्ट्रीय गोल किया था जबकि मबखौत ने मलेशिया के खिलाफ अपनी गोल संख्या में बढ़ोतरी की थी। छेत्री ने सोमवार को जासिम बिन हमाद स्टेडियम में 79वें मिनट में पहला गोल दागा और फिर इंजुरी टाइम में दूसरा गोल करके भारत की जीत सुनि​श्चित की। भारतीय कप्तान सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सर्वकालिक सूची में शीर्ष 10 में पहुंचने से केवल एक गोल पीछे हैं। वह हंगरी के सैंडो को​कसिस, जापान के कुनिशिगे कमामोतो और कुवैत के बाशर अब्दुल्लाह से एक गोल पीछे हैं। इन तीनों ने समान 75 गोल किये हैं।

इसे भी पढ़ें: भारतीय महिला तीरंदाजी टीम पेरिस पहुंची, तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेगी टीम

टीम की जीत और छेत्री के रिकार्ड पर खुशी व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कप्तान की आगे बढ़कर नेतृत्व करने के लिये प्रशंसा की। पटेल ने ट्वीट किया, हमारे कप्तान सुनील छेत्री ने लियोनेल मेस्सी को पीछे छोड़कर 74 गोल के साथ सक्रिय खिलाड़ियों में सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचकर एक और उपलब्धि हासिल की। कप्तान को बहुत बहुत बधाई और भविष्य में इस तरह की अन्य उप​लब्धियों के लिये शुभकामनाएं। इस जीत से भारत सात मैचों में छह अंक के साथ ग्रुप ई में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत का अगला मैच 15 जून को अफगानिस्तान से होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़