धोनी बन सकते हैं दस हजारी, विराट भी ज्यादा दूर नहीं

Dhoni can become ten thousand, Virat is not too far
[email protected] । Jul 11 2018 6:03PM

अगर उन्हें कल बल्लेबाजी का मौका मिलता है तो ट्रेंटब्रिज में ही यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। भारत के अब तक केवल तीन बल्लेबाजों सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने ही वनडे में 10,000 रन बनाये हैं।

नाटिंघम। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की निगाह इंग्लैंड के खिलाफ कल से यहां शुरू होने वाली तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के दौरान कुछ नये रिकार्ड बनाने पर टिकी रहेगी जिनमें इस प्रारूप में 10,000 रन पूरे करने वाला विश्व का 12वां बल्लेबाज बनना भी शामिल है। धोनी ने अब तक 318 वनडे मैचों में 9967 रन बनाये हैं और उन्हें 10,000 रन के विशिष्ट क्लब में शामिल होने के लिये अब केवल 33 रन की दरकार है। अगर उन्हें कल बल्लेबाजी का मौका मिलता है तो ट्रेंटब्रिज में ही यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। भारत के अब तक केवल तीन बल्लेबाजों सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने ही वनडे में 10,000 रन बनाये हैं। 

धोनी ने भारत की तरफ से 9793 और एशिया एकादश की तरफ से 174 रन बनाये हैं। धोनी के अलावा इस क्लब में कप्तान विराट कोहली भी जल्द ही शामिल हो सकते हैं। कोहली के नाम पर अभी 208 मैचों में 9588 रन दर्ज हैं और उन्हें ‘दस हजारी’ बनने के लिये 412 रन की दरकार है। उनके लिये हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला के दौरान इस मुकाम पर पहुंचना मुश्किल होगा। 

जहां तक धोनी का सवाल है तो ‘दस हजारी’ बनने के अलावा वह इंग्लैंड के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन सकते हैं जिसके लिये उन्हें 98 रन की जरूरत है। इन दोनों के देशों के बीच वनडे में सर्वाधिक रन बनाने का रिकार्ड अभी युवराज सिंह (1523 रन) के नाम पर है। धोनी 1425 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं। तेंदुलकर ने 1455 रन बनाये हैं जबकि विराट कोहली (921 रन) इंग्लैंड के खिलाफ 1000 रन पूरे करने की दहलीज पर हैं।

विकेटकीपिंग में भी धोनी एक नयी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। उन्हें विकेट के पीछे 300 कैच पूरे करने के लिये केवल तीन कैच की दरकार है। उन्होंने अब तक 297 कैच लिये हैं। विश्व क्रिकेट में वनडे में अब तक केवल एडम गिलक्रिस्ट (417), मार्क बाउचर (402) और कुमार संगकारा (383) ही 300 से अधिक कैच ले पाये हैं। धोनी ने वनडे में सर्वाधिक 107 स्टंप भी किये हैं और इस तरह से उनके नाम पर 404 शिकार दर्ज हैं। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़