अंतिम लम्हों में मलेशिया ने दागे गोल, भारत को 3-0 से हराया
मलेशिया ने अंतिम लम्हों में दागे दो गोल की बदौलत कुआलालंपुर में अंडर 16 लड़कों के मैत्री फुटबाल मैच में भारत को 3-0 से हरा दिया।
नयी दिल्ली। मलेशिया ने अंतिम लम्हों में दागे दो गोल की बदौलत आज कुआलालंपुर में अंडर 16 लड़कों के मैत्री फुटबाल मैच में भारत को 3-0 से हरा दिया। पिछले हफ्ते थाईलैंड के खिलाफ शिकस्त झेलने वाली भारतीय टीम ने तेज शुरूआत की। टीम को चौथे मिनट में ही गोल करने का मौका मिला लेकिन मलेशिया के गोलकीपर ने हमले को नाकाम कर दिया।
दूसरी तरफ मलेशिया ने भारतीय डिफेंस को काफी परेशान किया। इस बीच गिवसन और रिज को भारत को बढ़त दिलाने का मौका मिला लेकिन वे नाकाम रहे। मलेशिया ने 26 वें मिनट में मोहम्मद नजमुद्दीन की बदौलत बढ़त बनाई। बिबियानो फर्नांडिज ने दो बदलाव करते हुए गिवसन और गुरकीरत की जगह साइलो और मनीष को मैदान पर उतारा लेकिन मध्यांतर तक भारतीय टीम 0-1 से पीछे थी।
भारत को 55 वें मिनट में फ्री किक मिली लेकिन बेके का शाट लक्ष्य से दूर रहा। तीन मिनट बाद उन्हें एक और मौका मिला लेकिन वह इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे। मैच खत्म होने में जब सिर्फ पांच मिनट बचे थे तब भारत को लगातार तीन कार्नर मिले लेकिन बेके इसका फायदा नहीं उठा सके। मलेशिया ने इसके बाद भारतीय डिफेंस की खामी का फायदा उठाते हुए 88 वें मिनट में अपनी बढ़त को दोगुना कर लिया। चार मिनट बाद मलेशिया ने एक और गोल दागकर 3-0 से जीत सुनिश्चित की।
अन्य न्यूज़