Tokyo Olympic Highlights Day 8: बॉक्सिंग में भारत का मेडल पक्का, हॉकी टीम ने भी किया कमाल का प्रदर्शन

lovlina

असम की 23 वर्ष की मुक्केबाज ने 4-1 से जीत दर्ज की। अब उसका सामना मौजूदा विश्व चैम्पियन जुर्की की बुसानेज सुरमेनेली से होगा जिसने क्वार्टर फाइनल में अन्ना लिसेंको को मात दी।

टोक्यो। टोक्यो ओलंपिक 2020 के आठवा दिन भारत के लिए शानदार रहा। आज के दिन भारत ने एक मेडल में अपनी दावेदारी पक्की कर ली। लवलीना बोरगोहेन (69 किलो) ने पूर्व विश्व चैम्पियन चीनी ताइपै की नियेन चिन चेन को हराकर अपना मेडल पक्का किया तो वहीं आखिरी मिनटों में नवनीत कौर के गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने आयरलैंड को 1-0 से हराकर उम्मीदें बरकरार रखी हैं।

बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन सेमीफाइनल में

असम की 23 वर्ष की मुक्केबाज ने 4-1 से जीत दर्ज की। अब उसका सामना मौजूदा विश्व चैम्पियन जुर्की की बुसानेज सुरमेनेली से होगा जिसने क्वार्टर फाइनल में अन्ना लिसेंको को मात दी। दो बार विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता लवलीना ने जबर्दस्त संयम का प्रदर्शन करते हुए उस विरोधी को हराया जिससे वह पहले हार चुकी है।

तीरंदाजी में दीपिका का कमाल, क्वार्टर फाइनल में किया प्रवेश 

दुनिया की नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी ने पूर्व विश्व चैम्पियन रूसी ओलंपिक समिति की सेनिया पेरोवा को रोमांचक शूट आफ में हराकर तोक्यो ओलंपिक महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। पांच सेटों के बाद स्कोर 5-5 से बराबरी पर था। दीपिका ने दबाव का बखूबी सामना करते हुए शूटआफ में परफेक्ट 10 स्कोर किया और रियो ओलंपिक की टीम रजत पदक विजेता को हराया।

राष्ट्रीय रिकॉर्ड के बावजूद स्टीपलचेस फाइनल से चूके अविनाश साबले, दुती भी बाहर

ओलंपिक की एथलेटिक्स स्पर्धा में भारत के अभियान की शुरूआत निराशाजनक रही जब अविनाश साबले ने 3000 मीटर स्टीपलचेस स्पर्धा में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किया लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना सके जबकि दुती चंद औसत प्रदर्शन के साथ शुरूआती दौर से ही बाहर हो गई। एम पी जबीर भी पुरूषों की 400 मीटर बाधा दौड़ से बाहर हो गए। 

बॉक्सर सिमरनजीत कौर बाहर हुईं

भारतीय मुक्केबाज सिमरनजीत कौर (60 किलो) ओलंपिक खेलों में पदार्पण के साथ ही प्री क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की सुदापोर्न सीसोंदी से हारकर बाहर हो गई। चौथी वरीयता प्राप्त सिमरनजीत को 0-5 से पराजय का सामना करना पड़ा। पहले दौर में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए उसने प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाने की कोशिश की और अच्छे जवाबी हमले बोले। जजों ने हालांकि सर्वसम्मति से थाई मुक्केबाज के पक्ष में फैसला दिया जिससे दूसरे दौर में सिमरनजीत के प्रदर्शन पर असर पड़ा। पहले कुछ सेकंड में अति आक्रामकता का खामियाता उसे भुगतना पड़ा।

मनु भाकर और राही सरनोबत 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल्स में प्रवेश से चूक गईं

तोक्यो ओलंपिक की निशानेबाजी स्पर्धा में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहा जब मनु भाकर और राही सरनोबत महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल्स में प्रवेश से चूक गई। प्रिसीजन दौर के बाद 292 स्कोर करके मनु कल छठे स्थान पर थी लेकिन रैपिड दौर के बाद वह शुक्रवार को कुल 582 स्कोर करके 15वें स्थान पर रही। 

भारतीय महिला हॉकी टीम की पहली जीत

पहले तीन मैच में करारी हार के बाद आखिरी मिनटों में नवनीत कौर के गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने आयरलैंड को 1-0 से हराकर तोक्यो ओलंपिक क्वार्टर फाइनल में प्रवेश की उम्मीदें बरकरार रखीं। नवनीत ने मैच का एकमात्र गोल 57वें मिनट में किया।इससे पहले भारत को मिले 14 पेनल्टी कॉर्नर बेकार गए। 

सेमीफाइनल में पीवी सिंधू की एंट्री, गोल्ड मेडल जीतने से एक कदम दूर 

मौजूदा विश्व चैम्पियन पीवी सिंधू शुक्रवार को जापान की दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची को सीधे गेम में पराजित कर यहां तोक्यो ओलंपिक की महिला एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच गयी जिससे उन्होंने बैडमिंटन में भारत की पहले ओलंपिक स्वर्ण पदक की उम्मीद जीवंत रखी। 

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जापान को 5-3 से दी मात

गुरजंत सिंह के दो गोल की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने तोक्यो ओलंपिक खेलों के पूल ए के अपने आखिरी मैच में शुक्रवार को यहां जापान को 5-3 से हराया। भारत की तरफ से हरमनप्रीत सिंह ने 13वें मिनट पेनल्टी कार्नर को गोल में बदला जबकि गुरजंत सिंह (17वें और 56वें), शमशेर सिंह (34वें) और नीलकांत शर्मा (51वें मिनट) ने मैदानी गोल किये। 

भारतीय घुड़सवार फवाद मिर्जा ने की शानदारी शुरुआत

पहली बार ओलंपिक खेलों में चुनौती पेश कर रहे भारतीय घुड़सवार फवाद मिर्जा ने अच्छी शुरुआत की है और शुक्रवार को इवेंटिंग स्पर्धा में ड्रेसेज दौर के बाद तालिका में वह संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर हैं। फवाद घुड़सवारी (इक्वेस्ट्रियन) इवेंटिंग स्पर्धा में चुनौती पेश कर रहे है जिसमें ‘व्यक्तिगत ड्रेसेज’ चरण के बाद क्रॉस कंट्री और जंपिंग स्पर्धाओं के बाद विजेता का चयन होता है। इवेंटिंग के पहले दिन ड्रेसेज में फवाद और उनके घोड़े ‘सिग्नुर मेदीकोट’ को  28 पेनल्टी अंक मिले। 

ओलंपिक में भारत का 31 जुलाई का कार्यक्रम

तीरंदाजी: अतनु दास बनाम ताकाहारू फुरुकावा (जापान), क्वार्टर फाइनल, सुबह 7.18 बजे।

एथलेटिक्स: महिला चक्का फेंक, सीमा पूनिया, क्वालीफिकेशन ग्रुप ए, सुबह छह बजे से

महिला चक्का फेंक, कमलप्रीत कौर, क्वालीफिकेशन ग्रुप बी,  सुबह 7.25 बजे से

पुरुष लंबी कूद, सिरिशंकर  क्वालीफिकेशन ग्रुप बी, दोपहर 3:40 बजे।

बैडमिंटन: महिला एकल सेमीफाइनल पीवी सिंधू बनाम ताइ जू यिंग (चीनी ताइपे), दोपहर 3:20 बजे।

मुक्केबाजी: अमित पंघाल बनाम युबेर्जेन रिवास (कोलंबिया) 52 किग्रा पुरुष प्री-क्वार्टर फाइनल, सुबह 7:30 बजे।

पूजा रानी बनाम ली कियान (चीन) 75 किग्रा महिला प्री-क्वार्टर फाइनल, दोपहर 3:36 बजे।

गोल्फ: अनिर्बान लाहिड़ी और उदयन माने, पुरुषों का व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले , सुबह 4:15 बजे से

हॉकी: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, महिला पूल ए मैच, सुबह 8:45 बजे।

सेलिंग: केसी गणपति और वरुण ठक्कर , पुरुषों की स्किफ में रेस 10, 11 एवं 12। सुबह 8:35 बजे से।  

निशानेबाजी: अंजुम मौदगिल और तेजस्वी सावंत, महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन क्वालीफिकेशन, सुबह 8:30 बजे।  

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़