सुकून भरा समय बिताने के लिए अच्छा है लोनावला
लोनावला में एडवेंचर स्पोटर्स का भी मजा लिया जा सकता है। कर्ली हिल्स और ड्यूक्स नोज ऐसी जगह हैं जहां आप ट्रैकिंग के साथ-साथ फिशिंग का भी मजा ले सकते हैं। लोनावला सड़क और रेलमार्ग से बेहतरीन तरीके से जुड़ा है।
मुंबई की तेज रफ्तार और भागदौड़ से दूर अगर आप थोड़ा सुकून भरा समय बिताना चाहते हैं, तो लोनावाला हिल स्टेशन का रुख कर सकते हैं। पुणे से 64 किलोमीटर दूर और मुंबई से 96 किलोमीटर दूर खूबसूरत नजारों से भरपूर है लोनावला। सह्याद्रि पर्वत की गोद में बसा लोनावाला का सुहाना मौसम और प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को अपनी ओर खींचती है। पर्यटक बारिश के मौसम में वहां जाना पसंद करते हैं। इन दिनों लोनावला की प्राकृतिक छटा निखर जाती है।
लोनावला के इतिहास में मराठा और पेशवाओं की कई यादें जुड़ी हैं। जिसे आज भी वहां देखा जा सकता है। 1871 में मुंबई प्रेसीडेंसी के गर्वनर ने लोनावला हिल स्टेशन की खोज की। यहां पर्यटकों के देखने के लिए बहुत कुछ है। जैसे कार्ला, बैजा बौद्ध गुफाएं, जिन्हें देखकर महात्मा बुद्ध के जीवन की याद आती है। यहां उनके जीवन से जुड़े कई चित्र देखने को मिलते हैं। यहां देवी एकवीरा का प्रसिद्ध मंदिर भी है।
लोहागढ़ और विसापुर का किला मराठा शिवाजी का युद्ध स्थल था। कहा जाता है इस किले में कैदियों को रखा जाता था इस वजह से यहां लोहे के मजबूत दरवाजे लगवाए गए थे। इस किले से यहां की हरी-भरी पहाड़ी और घाटी का मनोरम दृश्य दिखाई देता है।
रईवुड पार्क और शिवाजी उद्वान में हर तरफ हरियाली है। लंबे-लंबे पेड़ और हरी घास से भरी जमीन एक शांत वातावरण देती है। इस पार्क में शिवजी का पुराना मंदिर भी है। यहां बच्चों के खेलने के लिए भी काफी जगह है।
वल्वान डैम लोनावला शहर से दो किलोमीटर दूर है यह डैन खोपोली पॉवर स्टेशन को पानी देता है जिससे शहयाद्री के निचले इलाके में बिजली दी जाती है। साथ में यहां एक बगीचा भी है जिससे शाम के समय यह पिकनिक स्पॉट बन जाता है।
लोनावला झील यहां के अद्भुत दृश्यों में से एक है। कहते हैं प्रकृति की पूरी कृपादृष्टि इस झील पर है। गर्मियों में यह झील भले ही सूख जाए, पर मानसून व सर्दियों में इसकी अद्भुत सुंदरता देखते बनती है।
मूशी डैम लोनावला का प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट है। बारिश के दिनों में इस बांध में लबालब पानी भर जाता है इस कारण यह पर्यटकों का पसंदीदा पिकनिक स्पॉट है।
लोनावला से लगभग सात किलोमीटर दूर राजमाची प्वाइंट शिवाजी का किला और आसपास की घाटियों का बेहतरीन नजारा दिखाता है। यहां राजमाची वाइल्ड लाइफ सैंक्च्युरी भी देखने लायक है। यह दर्शनीय जगह है। डैगर्ली झील और डैम मानूसन के दौरान बेहद खूबसूरत दिखते हैं। यहां के निवासियों को पानी की आपूर्ति इसी झील से होती है। इस डैम का निर्माण अंग्रेजों ने किया था और इसके आसपास की खूबसूरती देखते बनती है।
लोनावला में एडवेंचर स्पोटर्स का भी मजा लिया जा सकता है। कर्ली हिल्स और ड्यूक्स नोज ऐसी जगह हैं जहां आप ट्रैकिंग के साथ-साथ फिशिंग का भी मजा ले सकते हैं। लोनावला सड़क और रेलमार्ग से बेहतरीन तरीके से जुड़ा है। लोनावला आप कभी भी जा सकते हैं पर प्रकृति का अद्भुत सौंदर्य मानसून के दिनों में ज्यादा दिखाई देता है।
अन्य न्यूज़