एलीफैंट सफारी के शौकीन हैं तो यह रहे 10 प्रसिद्ध भारतीय स्थल

interested in Elephant Safari? here are 10 best spots
रेनू तिवारी । Nov 14 2017 3:10PM

कई पर्यटकों को एलीफैंट सफारी की चाहत रहती है। उनके लिए लाये हैं हम भारत के 10 ऐसे प्रसिद्ध जंगलों की सूची जहां आकर उनका मन भी खुश हो जायेगा और बहुत कुछ जानने को भी मिलेगा।

कई पर्यटकों को एलीफैंट सफारी की चाहत रहती है। उनके लिए लाये हैं हम भारत के 10 ऐसे प्रसिद्ध जंगलों की सूची जहां आकर उनका मन भी खुश हो जायेगा और बहुत कुछ जानने को भी मिलेगा।

1- कार्बेट नेशनल पार्क (नैनीताल)

अगर आप नैनीताल जा रहे हैं तो जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में भी अपना एडवेंचरस वीकएंड मना सकते हैं। यह भारत का सबसे पुराना राष्‍ट्रीय पार्क है। उत्‍तराखंड में स्‍थित यह राष्‍ट्रीय उद्यान खासतौर से बाघों के लिए जाना जाता है लेकिन यहां हाथी भी काफी संख्‍या में देखने को मिल जाते हैं। दुनिया के कोने-कोने से पर्यटक यहां आते हैं। हाथियों को देखना है तो आप शाम के समय इस जंगल सफारी की सैर पर निकलें। यहां कुछ अनुभवी गाइड भी रहते हैं जो आपको जानवरों की आदतों और उनकी दिनचर्या के बारे में सटीक जानकारी दे सकते हैं।

1936 से यह नेशनल पार्क बंगाल टाइगर की रखवाली कर रहा है। गर्मियों में यहां का तापमान अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस तक ही रहता है। यहां करीब 600 अलग-अलग प्रजातियों के पेड़-पौधे और घास हैं। इसके अलावा यहां बंगाल टाइगर, एशियन हाथी, हिरन और पक्षियों की अलग-अलग प्रजातियां भी है। यहां रुकने के लिए और जीप सफारी के लिए आप ऑनलाइन बुकिंग भी करा सकते हैं।

2- बंदीपुर नेशनल पार्क (कर्नाटक)

बंदीपुर नेशनल पार्क दक्षिण भारत का एक प्रसिद्ध नेशनल पार्क है। यह हाथियों का प्राकृतिक घर है और इसके साथ ही सैंकड़ों लुप्त हो चुकीं प्रजातियां भी यहां निवास करती हैं। यहां मौजूद पश्चिमी घाट इस पार्क को भारत के खूबसूरत पार्कों में से एक बनाते हैं। यह पार्क मैसूर से 80 कि.मी. स्थित है। यह नेशनल पार्क 1973 में प्रोजेक्‍ट टाइगर की शुरूआत के समय भारत में बनाए गए नौ टाइगर रिजर्व में से एक है। यहां चीते, हाथी, सांभर, चित्तीदार हिरन, जंगली कुत्ते, माउस बियर और चार सींग वाले एंटीलॉप जैसे लुप्त हो चुके जानवर हैं।

3- बांधवगढ़ नेशनल पार्क (मध्‍य प्रदेश)

हाथी पर बैठकर जंगल सफारी का आंनद उठाना चाहते हैं तो अबकी बार मध्‍य प्रदेश के बांधवगढ़ नेशनल पार्क का टूर प्‍लॉन कर सकते हैं। इस राष्‍ट्रीय उद्यान में आप चाहें तो जीप में घूमते हुए टहलते हुए जानवरों को देख सकते हैं, वहीं एलीफैंट सफारी में हाथी की सवारी का अलग ही मजा है।

4- गिर नेशनल पार्क और सासन गिर सेंचुरी (गुजरात)

गुजरात का यह नेशनल पार्क पूरे भारत में एकमात्र ऐसी जगह है जहां एशियाई शेर पाए जाते हैं। अक्टूबर से लेकर जून के बीच इस जगह को देखने का सबसे अच्छा समय है। यह लगभग 1424 वर्ग कि.मी. के क्षेत्रफल में फैला हुआ है। इस नेशनल पार्क में काफी मात्रा में फूल और जीव-जंतुओं की प्रजातियां देखने को मिलेंगी। यहां शेर के अलावा भारत का सबसे बड़ा हिरन, सांभर, चीतल, नीलगाय, चिंकारा, भालू और बड़ी पूंछ वाले लंगूर देखने को मिलेंगे।

5- कान्‍हा नेशनल पार्क (मध्‍य प्रदेश)

मध्‍य प्रदेश में स्‍थित कान्‍हा नेशनल पार्क भी हाथियों के लिए जाना जाता है। बाघ के अलावा इस पार्क में हाथियों की संख्‍या काफी ज्‍यादा है। कान्हा में ऐसे अनेक दुर्लभ प्रजाति के जीव जन्तु मिल जाएंगे। पार्क के पूर्व कोने में पाए जाने वाला भेड़िया, चिन्कारा, भारतीय पेंगोलिन, समतल मैदानों में रहने वाला भारतीय ऊदबिलाव और भारत में पाई जाने वाली लघु बिल्ली जैसी दुर्लभ पशुओं की प्रजातियों को यहां देखा जा सकता है।

6- पेंच नेशनल पार्क (मध्य प्रदेश)

मध्य प्रदेश अपने नेशनल पार्कों और वाइल्डलाइफ एक्सपीरियंस के लिए जाना जाता है। रुडयार्ड किपलिंग की द जंगल बुक की कहानी इसी पार्क के इर्द-गिर्द बुनी गई थी। इसलिए इस पार्क को मोगली लैंड भी कहा जाता है, जो उस कहानी का मुख्य पात्र था। यहां पर टाइगर ज्यादा मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा इस पार्क में तेंदुए, स्लॉथ भालू, जंगली कुत्ते, भौंकने वाले हिरन और कई दूसरे जंगली जानवर देख सकते हैं। अनेक दुर्लभ जीवों वाला पेंच नेशनक पार्क पर्यटकों को तेजी से अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। हाथी पर बैठकर जंगल की सफारी का अनुभव काफी खास होता है।

7- काजीरंगा नेशनल पार्क (असम)

काज़ीरंगा नेशनल पार्क असम के गोलाघाट जिले में 430 वर्ग किलोमीटर के एरिया में फैला हुआ है। इस पार्क में एक सींग वाले भारतीय गैंडे (राइनोसेरोस, यूनीकोर्निस) का घर है। सर्दियों में यहाँ साइबेरिया से कई मेहमान पक्षी भी आते हैं, काजीरंगा में विभिन्न प्रजातियों के बाज, विभिन्न प्रजातियों की चीलें और तोते आदि भी पाये जाते हैं। गुवाहाटी से यहां के लिए लग्जरी बस सेवा उपलब्ध है। यूनेस्को द्वारा घोषित विश्‍व धरोहरों में से एक काज़ीरंगा नेशनल पार्क को साल 2005 में 100 वर्ष पूरे हो गए है। अगर आप काजीरंगा में हाथी पर बैठकर जंगल की सैर करना चाहते हैं, तो आपको इसकी पूरी सुविधा मिलेगी।

8- मानस नेशनल पार्क (गुवाहाटी)

असम के गुवाहाटी में स्‍थित मानस नेशनल पार्क विश्‍व धरोहरों में शामिल है। हिमालय की तलहटी में स्‍थित इस अभयारण्‍य में दुर्लभ वन्‍य जीव पाए जाते हैं। जिसमें कि हेपीड खरगोश, गोल्‍डन लंगूर और पैगी हॉग शामिल हैं। इन्‍हें देखने लोग दूर-दूर से आते हैं।

9- डिब्रू सैखोवा नेशनल पार्क (डिब्रूगढ़)

असम के डिब्रूगढ़ में स्‍थित सैखोवा नेशनल पार्क मुख्‍य रूप से सफेद पंखों वाले देवहंस के संरक्षण के लिए बनाया गया था। बाद में यह राष्‍ट्रीय उद्यान जंगली घोड़ों और चमकदार सफेद पंखों वाली बतख के रूप में प्रसिद्ध हो गया। यहां पक्षियों की करीब 350 से ज्‍यादा प्रजातियां पाई जाती हैं।

10- नागरहोल नेशनल पार्क (कर्नाटक)

कर्नाटक में स्थित नागरहोल अपने वन्‍य जीव अभयारण्‍य के लिए विश्‍व प्रसिद्ध है। यह उन जगहों में से है जहां एशियाई हाथी पाए जाते हैं। यहां हाथियों के बड़े-बड़े झुंड देखे जा सकते हैं। वहीं बारिश होते ही दूर-दूर से पक्षी यहां आ जाते हैं।

- रेनू तिवारी

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़