विश्व भर के सैलानियों को आकर्षित करता है ज्यूरिख

[email protected] । Jul 18 2016 12:17PM

स्विट्जरलैंड का ज्यूरिख शहर विश्व भर के सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है तथा पर्यटन यहां एक उद्योग की तरह फलफूल रहा है।

कुदरत ने ज्यूरिख को प्राकृतिक सौंदर्य का वरदान तो दिया ही है, साथ ही यहां के रखरखाव व पर्यटकों की सुविधा के लिए कुशल प्रबंधन का योगदान भी कम नहीं है। तभी तो स्विट्जरलैंड का यह शहर विश्व भर के सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है तथा पर्यटन यहां एक उद्योग की तरह फलफूल रहा है।

यहां का मुख्य आकर्षण ज्यूरिख झील है। यहां तक आने के लिए आप नदी मार्ग का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। नदी के किनारे खरीदारी के लिए बड़ी−बड़ी दुकानें, खाने−पीने के लिए रेस्तरां तथा रहने के लिए होटल और दूसरे किनारे पर मछुआरों के साफ−सुथरे रंगरोगन किए घर भी हैं। नदी में पारदर्शी छतों व दीवारों वाली तैरती नावें पर्यटकों को घुमाती हैं व गाइड शहर का इतिहास बताता है।

शॉपिंग माल के बाद सबसे अधिक पर्यटक झील पर ही दिखाई देते हैं। यह यहां की तीसरी सबसे बड़ी झील है। इसमें बत्तखें तथा जलमुर्गियां अठखेलियां करती रहती हैं। कितना भी समय झील के किनारे बिताओ, प्राकृतिक सौंदर्य देखकर मन ही नहीं भरता।

पर्यटकों को चाहे ज्यूरिख के आसपास के शहरों की यात्रा करनी हो या आल्पस की बर्फ से ढकी चोटियों को करीब से देखना हो या इंटरलेकन के प्राकृतिक सौंदर्य का दर्शन करना हो अथवा फिर जुंगफ्रा की घाटियों के ऊपर हवा में तैरती ट्रालियों में सैर करनी हो, हर जगह के लिए तीव्र व सुविधाजनक तथा आरामदेह लेकिन महंगी रेल सेवा उपलब्ध है। ज्यूरिख से लूसर्न तक का मार्ग बेहद सुंदर है।

स्विट्जरलैंड में किसी भी पहाड़ की चोटी तक जाना हो, किसी भी शहर में पहुंचना हो तो यातायात के साधन उपलब्ध हैं, जोकि आरामदायक और तेज हैं। कहीं भी पैदल आने−जाने में समय बरबाद करने की आपको जरूरत नहीं पड़ेगी। पितालुस पर्वत की चोटियों के नीचे खुले मुंह वाली गुफाएं बनी हुई हैं। यहां से चारों ओर का सुंदर दृश्य देखा जा सकता है।

स्विट्जरलैंड में पर्यटन का विस्तार एक फलते−फूलते उद्योग की तरह हुआ है जो दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रहा है। हर होटल और टूरिस्ट सेंटर पर रंग−बिरंगे ब्रोशर और नक्शे पर्याप्त मात्रा में मिलते हैं तथा पहाड़ की चोटी तक पहुंचाने के लिए यातायात के साधन उपलब्ध हैं।

समूचे यूरोप में हर सार्वजनिक स्थान पर चाहे वह स्टेशन हो या पार्क, पहाड़ हो या रेस्तरां, साफ−सुथरे सुलभ शौचालयों की व्यवस्था है। प्राकृतिक सौंदर्य की छवि को बनाए रखने में यहां के निवासियों का कम योगदान नहीं है।

इस शहर में होटलों की अच्छी भरमार है। पांच सितारा से लेकर एक सितारा तक और अपार्टमेंट होटल से लेकर बोर्डिंग हाऊस तक यहां आसानी से उपलब्ध हैं। इन होटलों में आरक्षण करवा कर स्विट्जरलैंड आना सुविधाजनक रहता है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़