अंबानी के घर बजेगी शहनाई, बेटी ईशा की शादी पीरामल परिवार में तय
देश के सबसे धनी उद्योगपति मुकेश अंबानी की बेटी ईशा इस साल दिसंबर में अजय पिरामल के बेटे आनंद पिरामल से शादी करेंगी। जानकार सूत्रों के अनुसार आनंद और ईशा लंबे समय से दोस्त हैं
नयी दिल्ली। देश के सबसे धनी उद्योगपति मुकेश अंबानी की बेटी ईशा इस साल दिसंबर में अजय पिरामल के बेटे आनंद पिरामल से शादी करेंगी। जानकार सूत्रों के अनुसार आनंद और ईशा लंबे समय से दोस्त हैं और दोनों परिवारों के बीच चार दशक पुराना दोस्ताना है। इस बारे में टिप्पणी के लिये पिरामल समूह को भेजे गये ईॅमेल का कोई जवाब नहीं मिला। आनंद, पिरामल रीयल्टी के संस्थापक हैं। इससे पहले उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य देखभाल के लिये पिरामल स्वास्थ्य की स्थापना की थी। वह पिरामल समूह के कार्यकारी निदेशक भी हैं।
ईशा रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल की निदेशक मंडल की सदस्य हैं। ईशा ने येल विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान और साउथ एशियन स्टडीज में स्नातक की पढ़ाई की है और अभी स्टैण्डफोर्ड के ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन प्रोग्राम स्नातकोत्तर कर रही है। आनंद ने महाबलेश्वर के एक मंदिर में ईशा को शादी का प्रस्ताव दिया। ईशा और आकाश जुड़वा भाई-बहन हैं। आकाश की भी हाल में श्लोका मेहता के साथ सगाई हुई है। श्लोका हीरा कारोबारी रसेल मेहता की बेटी है। आकाश और श्लोका की शादी भी दिसंबर में होनी तय है।
अन्य न्यूज़