भारत में कोरोना से मौत के मामले 1,389 हुए, संक्रमितों की संख्या 42,836: स्वास्थ्य मंत्रालय
By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 04, 2020
नयी दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए लागू राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन में रियायत दिए जाने के बीच, कोविड-19 के कारण मौत के मामले सोमवार को 1,389 हो गए और संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 42,836 पर पहुंच गयी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में मौत के 83 मामले सामने आए और रोगियों की संख्या में रिकार्ड 2,573 की वृद्धि दर्ज की गयी। मंत्रालय के अनुसार, इस समय 29,685 संक्रमित रोगियों का उपचार चल रहा है, वहीं 11,761 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं। एक रोगी देश छोड़कर जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘इस प्रकार अब तक इस बीमारी से करीब 27.45 प्रतिशत लोग ठीक हो चुके हैं।’’ देश में कोविड-19 के कुल मामलों में 111 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि रविवार शाम से अब तक संक्रमण से मौत के 83 मामले आए हैं जिनमें से 28 अकेले गुजरात से हैं।
इनके अलावा मौत के 27 मामले महाराष्ट्र से, नौ मध्य प्रदेश से, छह राजस्थान से, तीन आंध्र प्रदेश से, दो-दो पश्चिम बंगाल तथा उत्तर प्रदेश से एवं एक-एक मामलेहरियाणा, पंजाब, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक व उत्तराखंड से आए हैं। देश में अब तक कुल मौत के मामलों को देखें तो सर्वाधिक ऐसे मामले महाराष्ट्र से आए हैं जहां 548 लोग इस महामारी के कारण जान गंवा चुके हैं। गुजरात में 290, मध्य प्रदेश में 165, राजस्थान में 71, दिल्ली में 64, उत्तर प्रदेश में 45, आंध्र प्रदेश में 36 तथा पश्चिम बंगाल में35 लोगों की जान कोरोना वायरस की वजह से जा चुकी है। तमिलनाडु में अब तक 30 लोगों की मृत्यु संक्रमण के कारण हो चुकी है, वहीं तेलंगाना में 29, कर्नाटक में 26, पंजाब में21, जम्मू कश्मीर में आठ, हरियाणा में पांच तथा केरल एवं बिहार में चार-चार लोगों की मृत्यु हो चुकी है। मंत्रालय के अनुसार, झारखंड में कोविड-19 से तीन, मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, असम तथा उत्तराखंड में एक-एक रोगी की मौत हो चुकी है। हालांकि सोमवार को अनेक राज्यों से प्राप्त आंकड़ों के संकलन से पीटीआई द्वारा तैयार की गयी तालिका के अनुसार, देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 43,685 पहुंच गयी है तथा मौत के कुल 1,413 मामले हो गए हैं।
इसे भी पढ़ें: तमिलनाडु में बढ़ा कोरोना का रफ्तार, एक दिन में सामने आए 527 केस