सिंध प्रांत में बस में आग लगने से 18 बाढ़ पीड़ितों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 14, 2022

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक बस में आग लगने से आठ बच्चों और नौ महिलाओं समेत कम से कम 18 बाढ़ पीड़ितों की जलने से मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि हादसा प्रांत के नूरीबाद थाना क्षेत्र में बुधवार रात को हुआ। वातानुकूलित बस क्षमता से अधिक भरी थी। जियो टीवी के मुताबिक, बस में 80 बाढ़ पीड़ित सवार थे और यह दादू जिले के खैरपुर नाथन शाह से कराची की ओर जा रही थी।

खबर में बताया गया है कि जामशोरो के उपायुक्त ने पुष्टि की है कि मृतक संख्या 18 हो गई है तथा मरने वालों में आठ बच्चे और नौ महिलाएं शामिल हैं। खबर में पुलिस अधिकारियों के हवाले से कहा गया है, “ हो सकता है कि एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो।” पुलिस ने बताया कि कुछ सवारियों ने आग से बचने के लिए बस से छलांग लगा दी।

पुलिस के मुताबिक, बचाव का काम जारी है और दमकल कर्मी आग को बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गए हैं जबकि घायलों को जामशोरो और नूरीबाद के स्थानीय अस्पतालों में भर्ती किया गया है। सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने जामशोरो के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को बचाव कार्य तेज करने की हिदायत दी है। मुराद ने घटना पर रिपोर्ट भी तलब की है। सिंध प्रांत में बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित जिलों में दादू भी शामिल है।

प्रमुख खबरें

Manoj Tiwari ने मुझ पर हमला कराया क्योंकि लोग अब उन्हें स्वीकार नहीं कर रहे हैं: Kanhaiya

Shakti Yojana से Metro को नुकसान होने संबंधी प्रधानमंत्री की टिप्पणी से हैरान हूं: Shivkumar

दुनिया में India जैसे जीवंत लोकतंत्र बहुत कम हैं: White House के सुरक्षा संचार सलाहकार

Mutual Fund को भारत में निवेश करने वाले विदेशी कोषों में निवेश की सुविधा देने का SEBI का प्रस्ताव