By अभिनय आकाश | May 22, 2025
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी जो कि दुनिया की सबसे सुरक्षित जगह मानी जाती है। वहां से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई। बुधवार की शाम को इजरायली दूतावास के सामने दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये घटना यहूदी म्यूजियम के पास हुई है। आपको बता दें कि होमलैंड सिक्योरिटी सिक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने इसकी पुष्टि कर दी है। ये यहूदी म्यूजियम वाशिंगटन डीसी में एफबीआई फील्ड ऑफिस से कुछ कदम की ही दूरी पर स्थित है। यूएस होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम के अनुसार, 21 मई की देर रात वाशिंगटन में कैपिटल यहूदी संग्रहालय के बाहर दो इज़रायली दूतावास के कर्मचारियों की हत्या कर दी गई।
मेयर मुरील बोसर द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों ने बंदूकधारी की पहचान शिकागो के 30 वर्षीय एलियास रोड्रिगेज के रूप में की। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान वाशिंगटन पुलिस विभाग की प्रमुख पामेला स्मिथ ने कहा कि गोलीबारी से पहले, संदिग्ध को संग्रहालय के पास इधर-उधर घूमते देखा गया था। वह चार लोगों के एक समूह के पास गया, एक हैंडगन निकाली और गोली चला दी। पीड़ित एक पुरुष और एक महिला थे, जो स्थानीय समयानुसार रात करीब 9 बजे संग्रहालय से बाहर निकल रहे थे। बोसर ने कहा कि हम इस हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेंगे... हम यहूदी-विरोधी भावना को बर्दाश्त नहीं करेंगे।