By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 26, 2022
नयी दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,483 नए मामले सामने आने से देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,62,569 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 15,636 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, असम में संक्रमण से मौत के मामलों के पुन:मिलान के बाद 1,347 मामले और केरल में मौत के 47 मामले सामने आने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,23,622 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि असम ने संक्रमण से मौत के मामलों का पुन: मिलान किया गया, जिससे मौजूदा आंकड़ों में बदलाव आया है।
गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 1399 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से असम और केरल में आंकड़ों के पुन:मिलान के बाद सामने आए मामलों के अलावा पंजाब में संक्रमण से मौत के चार और दिल्ली में एक मामला सामने आया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।