By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 12, 2022
नयी दिल्ली। भारत में गत 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 3,614 नए मामले सामने आए जो 12 मई 2020 के बाद एक दिन में सामने आए सबसे कम मामले हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,29,87,875 हो गई है जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 40,559 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार सुबह आठ बजे किए गए अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी दी। मंत्रालय के मुताबिक गत 24 घंटे के दौरान 89 और मरीजों की मौत होने से देश में कोविड-19 महामारी से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 5,15,803 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमितों के मुकाबले उपचाराधीन मरीजों की संख्या केवल 0.09 प्रतिशत है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से ठीक होने की दर में भी और सुधार हुआ है और यह 98.71 प्रतिशत तक पहुंच गयी है। मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे के दौरान उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,660 की कमी आई है।