पिछली सरकार के 37 मंत्रियों को नई मंत्रिपरिषद में नहीं मिली जगह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 10, 2024

नयी दिल्ली। स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर और नारायण राणे समेत पूर्ववर्ती सरकार के 37 मंत्रियों को रविवार को शपथ लेने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नयी मंत्रिपरिषद में शामिल नहीं किया गया है। पुरुषोत्तम रुपाला, अर्जुन मुंडा, आर के सिंह और महेंद्र नाथ पांडे मोदी के दूसरे कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री थे लेकिन उन्हें नयी मंत्रिपरिषद में शामिल नहीं किया गया। तीनों स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों को बरकरार रखा गया है जबकि पिछली सरकार के 42 राज्य मंत्रियों में से 30 को इस बार हटा दिया गया है। 

एल. मुरुगन पिछली सरकार के एकमात्र ऐसे राज्य मंत्री हैं जो चुनाव हार गए थे लेकिन उन्हें बरकरार रखा गया है। वे पहले से ही राज्यसभा के सदस्य हैं। मोदी सरकार के दोनों कार्यकालों में कैबिनेट मंत्री रहीं स्मृति ईरानी अमेठी से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सहयोगी किशोरी लाल शर्मा से 1.69 लाख से अधिक मतों के अंतर से चुनाव हार गईं। ईरानी पहले कार्यकाल में मानव संसाधन विकास मंत्री और कपड़ा मंत्री थीं जबकि मोदी के दूसरे कार्यकाल में उन्होंने महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों का विभाग संभाला था। पुरुषोत्तम रुपाला पिछली सरकार में मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मामलों के मंत्री थे। 

रुपाला ने गुजरात की राजकोट लोकसभा सीट से लगभग पांच लाख मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की। मत्स्य पालन मंत्रालय में उनके सहयोगी संजीव कुमार बालियान को भी हटा दिया गया है। मुजफ्फरनगर से दो बार सांसद रहे बालियान इस बार 24,000 से अधिक मतों से चुनाव हार गये थे। हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से लगातार पांचवीं बार जीतने वाले अनुराग ठाकुर ने मोदी के दूसरे कार्यकाल में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और युवा मामले एवं खेल मंत्रालय दोनों विभाग संभाले थे। 

इसे भी पढ़ें: वकीलों से लेकर MBA डिग्री धारकों तक, मोदी कैबिनेट में पेशेवरों का मिश्रण

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री रहे नारायण राणे ने रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की है। यह पहली बार है जब भाजपा ने तटीय कोंकण क्षेत्र में संसदीय सीट जीती है यह शिवसेना (अविभाजित) का पारंपरिक गढ़ रहा है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री राणे 2019 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए और उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया। यह उनका पहला लोकसभा चुनाव था।

प्रमुख खबरें

S Jaishankar और Marco Rubio की न्यूयॉर्क में वार्ता, Russia Sanctions पर रखे भारत के हित

Asian Games में Mixed 4x400m Relay के फाइनल में पहुंचा भारत

Yamuna Expressway Bus Fire | कश्मीरी गेट से महोबा जा रही स्लीपर बस में लगी भीषण आग, महिला समेत 9 यात्रियों की जलकर मौत

एशियाई खेलों में भारतीय Table Tennis जोड़ियों का दबदबा, श्रीजा और यशस्विनी प्री-क्वार्टर फाइनल में