बिहार में कोरोना वायरस से 96 और मरीजों की मौत, 5920 नए मामले आए

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 18, 2021

पटना। बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान 96 और मरीजों की मौत हो गई जिन्हें मिलाकर सोमवार तक राज्य में महामारी से 3,928 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस अवधि में 5920 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि होने के साथ राज्य में कुल मामलों की संख्या बढकर 6,57,829 हो गई। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से जिन 96 मरीजों की मौत हुई उनमें पटना के 20, बेगूसराय के 11, लखीसराय एवं सारण में चार-चार, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, नालंदा, पश्चिम चंपारण, सिवान एवं सुपौल में तीन-तीन, अररिया, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, जमुई, कैमूर, मधुबनी, मुंगेर, रोहतास एवं वैशाली के दो-दो, बांका, गया, जहानाबाद, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, शेखपुरा एवं सीतामढ़ी के एक-एक मरीज शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: Cyclone Tauktae: महाराष्ट्र में चक्रवाती तूफान से छह की मौत, गुजरात में दो लाख लोगों को हटाया गया

ठीक होने वाले मरीजों में 11,216 लोग गत 24 घंटे में संक्रमण मुक्त हुए हैं। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 1,25,342 नमूनों की जांच गई। अबतक राज्य में 2,81,94,831 नमूनों की जांच की गयी है। बिहार में वर्तमान में कोविड 19 के 69,697 मरीज उपचाराधीन हैं। वहीं मरीजों के ठीक होने की दर 88.81 प्रतिशत है। बिहार में बृहस्पतिवार को 18 से 44 वर्ष और 45 वर्ष से उपर सहित 1,28,917 लोगों ने कोविड 19 का टीका लिया जिन्हें मिलाकर प्रदेश में अबतक 86,78,999 लोग टीका ले चुके हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम एचआईटी कोविड ऐप को लांच किया। पटना के एक अणे मार्ग स्थित सरकारी आवास से वीडियो कन्फ्रेंस के माध्यम एचआईटी कोविड ऐप को लांच करते हुए नीतीश ने कहा कि खुशी की बात है कि आज ‘होम आइसोलेशन ट्रैकिंग’ (एचआईटी) कोविड ऐप लांच किया गया है।

उन्होंने कहा कि कोरोना से संक्रमित बड़ी संख्या में मरीज घर में एकांतवास में रह रहे हैं। इन मरीजों के ऑक्सीजन स्तर की निरंतर अनुश्रवण की आवश्यकता है क्योंकि इस बार के संक्रमण में मरीजों के ऑक्सीजन स्तर गिरने के कई मामले सामने आ रहे हैं, जिससे उनकी स्थिति ज्यादा गंभीर हो जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एचआईटी कोविड ऐप से गृह एकांतवास में रह रहे मरीजों की देखभाल में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के द्वारा मरीजों के घर पर जाकर प्रतिदिन उनके शरीर का तापमान और ऑक्सीजन स्तर जांच की जाएगी, जिसके आधार पर उनका उचित इलाज समय पर हो सकेगा। कुमार ने कहा कि चिकित्सकीय पर्यवेक्षण के दौरान जिनका ऑक्सीजन स्तर 94 से कम पाया जाएगा, उन्हें आवश्यकता पड़ने पर समर्पित कोविड-19 मरीज देखभाल केंद्र समय भर्ती कराकर उनका इलाज कराया जाएगा। उन्होंने ने कहा कि ग्रामीण इलाके में स्वास्थ्य परामर्शियों को प्रशिक्षित किया गया है, उनकी भी इस काम में सेवा लें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं चंचल कुमार उपस्थित थे जबकि वीडियो कन्फ्रेंस के माध्यम से उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सहित संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रीगण, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित संबद्ध विभागों के वरीय पदाधिकारीगण, जिलाधिकारीगण, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक जुड़े हुए थे। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव संतोष कुमार मल्ल ने एचआईटी कोविड ऐप के बारे में बताया कि इसे स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में बेल्ट्रन द्वारा विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रायोगिक तौर पर इस ऐप का उपयोग सुपौल, गोपालगंज, औरंगाबाद, नालंदा तथा भागलपुर में सफलतापूर्वक किया गया है।

प्रमुख खबरें

India के Service Export की बड़ी छलांग, Commerce Ministry के आंकड़ों में हिस्सेदारी 48% के पार

IDBI Bank के Disinvestment की खबर से रॉकेट बना शेयर, निवेशकों की एक दिन में बंपर कमाई

Adam Zampa का स्पेशल 150, Australia ने पहले T20 में Bangladesh को दी करारी शिकस्त

Lucknow में Shubman Gill और Ishan Kishan का शतकीय तूफान, Afghanistan के सामने 403 रनों का पहाड़