By अंकित सिंह | Jun 09, 2026
राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन का नामांकन जांच प्रक्रिया के दौरान खारिज कर दिया गया है, जिससे राज्य की तीसरी राज्यसभा सीट के लिए उनकी दावेदारी समाप्त हो गई है। खबरों के मुताबिक, नटराजन ने अपने नामांकन पत्रों में हैदराबाद की एक अदालत में लंबित आपराधिक मामले से संबंधित जानकारी छिपाई थी। अदालत से प्राप्त दस्तावेजों से सामने आए घटनाक्रम ने कांग्रेस खेमे में सनसनी मचा दी है।
इससे पहले भाजपा ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के खिलाफ रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा का आरोप है कि उन्होंने तेलंगाना में चल रही एक कानूनी कार्यवाही से संबंधित जानकारी छिपाई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मोहन यादव सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि नटराजन से जुड़ा एक मामला तेलंगाना की अदालत में लंबित है, जिसका खुलासा उन्होंने अपने नामांकन पत्र में नहीं किया। भाजपा ने नटराजन की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की थी और तर्क दिया है कि जानकारी छिपाना चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन है।